आज से शुरू होगी राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’, कई दिग्गज होंगे शामिल

48

Bharat Jodo Nyay Yatra: कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा आज से शुरू होने जा रही है। मणिपुर के थौबल जिले से शुरू होने वाली यह यात्रा देश के करीब 15 राज्यों से होते हुए महाराष्ट्र पहुंचेगी।

यात्रा से माना जा रहा है कि कांग्रेस अपने पक्ष में लोकसभा चुनाव से पहले माहौल बनाने की कोशिश कर रही है। वहीं मणिपुर हिंसा मामले पर कांग्रेस ने कहा कि वह मणिपुर में न्याय का मुद्दा उठाएगी।

खोंगजोम युद्ध स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित करके राहुल 

कांग्रेस नेता राहुल गांधी एंग्लो-मणिपुरी युद्ध में मणिपुरियों के बलिदान के प्रतीक खोंगजोम युद्ध स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित करके भारत जोड़ो न्याय यात्रा की शुरुआत करेंगे। पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने सोशल मीडिया पोस्ट में यह जानकारी दी।

रमेश ने कहा कि भारत जोड़ो न्याय यात्रा मणिपुर के लिए न्याय का मुद्दा उठाएगी। मणिपुर में हिंसा भड़कने के 8 महीने बाद भी प्रधानमंत्री ने न तो एक शब्द बोला है और न ही मणिपुर का दौरा किया है।

10 साल के ‘अन्याय काल’ के खिलाफ आवाज उठाना उद्देश्य

गौरतलब है कि राहुल गांधी की दक्षिण से उत्तर तक भारत जोड़ो यात्रा की तर्ज पर पूर्व से पश्चिम तक भारत जोड़ो न्याय यात्रा आज से शुरू होने जा रही है।

जयराम रमेश ने कहा कि मणिपुर के खोंगजोम से महाराष्ट्र के मुंबई तक 6700 किलोमीटर से अधिक की भारत जोड़ो न्याय यात्रा का उद्देश्य आर्थिक न्याय, सामाजिक न्याय और राजनीतिक न्याय के लिए आवाज उठाना और पिछले 10 वर्षों के अन्याय काल के खिलाफ आवाज उठाना है

यह भी पढ़ें-इस्तीफा देने की तैयारी में अमेरिकी राष्ट्रपति के विशेष दूत John Kerry, आ रही ऐसी खबरें

हर दिन 2 जनसभाओं को संबोधित करेंगे राहुल गांधी

आपको बता दें कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा 67 दिनों में करीब 110 जिलों से होकर 6700 किमी से अधिक की यात्रा तय करेगी।

यह यात्रा मणिपुर, असम, नागालैंड, मेघालय, पश्चिम बंगाल, बिहार. ओडिशा, अरुणाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़, गुजरात, राजस्थान और महाराष्ट्र तक जाएगी। यात्रा के बीच राहुल गांधी हर दिन 2 जनसभाओं को संबोधित भी करेंगे।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर(X) पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)