Magh Purnima 2024: माघ पूर्णिमा पर भक्त लगाएंगे आस्था की डुबकी, रूद्रेश्वर मंदिर पर लगेगा मेला

0
2

Magh Purnima 2024: आस्था का पर्व माघ पूर्णिमा शनिवार को हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। श्रद्धालु महानदी में दीपदान कर सुख-समृद्धि की कामना करेंगे। इस खास दिन धमतरी के रुद्री, राजिम समेत चार स्थानों पर मेले लगेंगे। सभी जगहों पर मेले की तैयारी कर ली गयी है। सुबह से ही श्रद्धालु स्नान के लिए पहुंचेंगे। सभी जगहों पर सुरक्षा के इंतजाम किये गये हैं। मेला स्थलों पर सुबह से ही पुलिस बल तैनात रहेगा।

माघी पुन्नी मेले का क्षेत्र के लोगों को बेसब्री से इंतजार रहता है। धमतरी जिले में चार स्थानों पर मेला लगेगा – रुद्री महानदी के तट पर रुद्रेश्वर महादेव घाट, सिहावा देउरपारा के कर्णेश्वर धाम, देवपुर के डोंगापथरा और राजिम के तट पर लोमश ऋषि आश्रम कुलेश्वर मंदिर। राजिम मेले का अधिकांश हिस्सा धमतरी जिले में शामिल है। यहां क्षेत्र का सबसे बड़ा मेला लगता है। दूर-दूर से आने वाले साधु-संतों के लिए इस स्थान पर एक अस्थायी गुंबद बनाया गया है। सिहावा क्षेत्र के लिए देउरपारा स्थित कनेश्वर धाम में मेला लगेगा। यहां महानदी और बाल्का नदियों का संगम है।

ये भी पढ़ें..Korba: मासूम की नृशंस हत्या कर सागौन बाड़ी में फेंका शव, जांच शुरू

रुद्रेश्वर महादेव मंदिर का रंग-रोगन

धमतरी क्षेत्र के लोगों के लिए दो मेले लगते हैं – रूद्री और डोंगापथरा। दोनों महानदी के तट पर स्थित हैं। महानदी के तट पर स्थित ग्राम रुद्री में रुद्रेश्वर महादेव मंदिर का रंग-रोगन किया गया है। यहां लगने वाले मेले के लिए दुकानदार पहुंचने लगे हैं। मंदिर के पुजारी राजकुमार निषाद ने बताया कि रुद्रेश्वर मंदिर के पट सुबह चार बजे से खुल जायेंगे। सुबह 5.30 बजे आरती के बाद दोबारा दर्शन शुरू होंगे। जो पूरे दिन जारी रहेगा। दोपहर 12 बजे भोग लगाया जाएगा। शाम 6:30 बजे संध्या आरती होगी।

महानदी में छोड़ा जा रहा पानी

महानदी में पानी कम होने के कारण श्रद्धालुओं को स्नान करने में हो रही परेशानी को देखते हुए बांध का पानी महानदी में छोड़ा जा रहा है। रुद्री सिंचाई विभाग के एसडीओ डीएस कुंजाम ने बताया कि श्रद्धालुओं की मांग पर पानी छोड़ा जा रहा है। दोपहर में कुछ पानी छोड़ा गया जो शाम तक बढ़ा दिया गया। करीब 100 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर(X) पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)