Uncategorized

Dhamtari: आयुक्त ने की बैठक, राजस्व वसूली में तेजी लाने के दिए निर्देश

dhamtari meeting for tax
धमतरी (Dhamtari): नगर निगम में राजस्व वसूली के लिए हर साल निर्धारित लक्ष्य हर साल अधूरा रह जाता है। राजस्व वसूली में तेजी लाने के लिए नगर निगम हर संभव प्रयास कर रहा है। इसी क्रम में नगर निगम आयुक्त विनय कुमार पोयाम ने शनिवार को नगर निगम के सहायक राजस्व निरीक्षकों की बैठक ली और राजस्व वसूली में तेजी लाने के निर्देश दिये। नगर निगम सभागार में आयोजित बैठक में राजस्व वसूली की प्रगति की समीक्षा की गयी। निगमायुक्त विनय कुमार पोयाम ने वार्डवार राजस्व वसूली की समीक्षा कर कम वसूली करने वाले सहायक राजस्व निरीक्षकों का वेतन रोकने तथा वसूली में प्रगति नहीं दिखाने पर वेतन वृद्धि रोकने के निर्देश दिये। उपायुक्त एवं प्रभारी राजस्व विभाग पीसी सर्वा को सरकार द्वारा निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप राजस्व वसूली करने के निर्देश दिये गये। राजस्व वसूली कार्य की प्रतिदिन समीक्षा की जाए, ताकि निर्धारित समय के अनुसार शत-प्रतिशत राजस्व वसूली का लक्ष्य प्राप्त किया जा सके। उन्होंने सहायक राजस्व निरीक्षकों को अपने-अपने वार्डों में भ्रमण कर दैनिक वसूली सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। वसूली की प्रगति की जानकारी राजस्व अधिकारी को दी जाए, ताकि इस कार्य में तेजी लाई जा सके। उन्होंने शहरवासियों से जल्द से जल्द नगर निगम में टैक्स जमा करने की अपील की है। ये भी पढ़ें:Korba: तीरंदाजी को बढ़ावा दे रही एनटीपीसी कोरबा, प्रशिक्षण में शामिल हो रहे छात्र-छात्राएं

बड़े बकाएदारों के खिलाफ की जाएगी कुर्की 

धमतरी शहर के बड़े बकायादारों को राजस्व कर जमा करने के लिए नोटिस जारी किया जाएगा। इसके बावजूद निगम खजाने में टैक्स जमा नहीं करने वालों के खिलाफ जब्ती की कार्रवाई की जायेगी। आयुक्त ने निर्देश दिया कि निगम के संपत्ति कर, दुकान किराया, जल कर, भू-भाटक सहित भूमि किराया, बिना ट्रेड लाइसेंस के संचालित दुकानों, लाइसेंस एवं अन्य करों की शत-प्रतिशत वसूली निर्धारित समय सीमा के अंदर की जाये, ताकि निगम की आय सुनिश्चित हो सके। जानकारी के अनुसार, 10 हजार रुपये से अधिक का टैक्स जमा नहीं करने वाले बड़े बकाएदारों की संख्या 70 से अधिक है। (अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर(X) पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)