प्रदेश मध्य प्रदेश राजनीति

कांग्रेस विधायक ने की प्रशांत किशोर को राज्यसभा भेजने की मांग, कही ये बात

Prashant-Kishore

गुना: जिले के चांचौड़ा से विधायक लक्ष्मण सिंह ने प्रशांत किशोर (पीके) को मध्य प्रदेश से राज्यसभा भेजने की मांग की है। साथ ही कहा कि उन्हें पार्टी में लेना चाहिए। वे एक अच्छे रणनीतिकार हैं। कई राज्यों में उनकी रणनीति सफल हुई हैं। मंगलवार को एक वीडियो में उन्होंने यह बात कही। उनकी पत्नी ने भी इस वीडियो को अपने ट्विटर पर शेयर किया है।

गौरतलब है कि इन दिनों रणनीतिकार पीके की कांग्रेस के साथ बातचीत चल रही है। उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष के सामने अपनी प्रेजेंटेशन भी दी है। कांग्रेस के तमाम नेता उनकी भागीदारी को लेकर अपनी बात रख रहे हैं। दिग्विजय सिंह, कमलनाथ सहित कई नेता पीके को लेकर अपनी-अपनी राय दे चुके हैं। अब दिग्विजय सिंह के भाई और कांग्रेस विधायक लक्ष्मण सिंह ने पीके को लेकर अपनी बात रखी है। उनकी पत्नी रुबीना सिंह ने अपने ट्विटर पर लक्ष्मण सिंह का एक वीडियो शेयर किया है।

यह भी पढ़ेंः-कराची विश्वविद्यालय के पास वैन में जोरदार विस्फोट, तीन चीनी नागरिकों...

शेयर किए गए वीडियो में लक्ष्मण सिंह कह रहे हैं कि "प्रशांत किशोर एक रणनीतिकार हैं। उनकी रणनीति कई राज्यों में सफल हुई है। इसी आधार पर कांग्रेस अध्यक्ष ने उन्हें आमंत्रित किया है। उन्होंने प्रेजेंटेशन दिया है। एक हफ्ते से इस पर विचार-विमर्श चल रहा है। हमारे सभी लोग मिलकर विचार-विमर्श कर रहे हैं। मैं समझता हूँ कि उन्हें पार्टी में लेना चाहिए और उनकी राय भी लेना चाहिए रणनीति बनाने की। मध्य प्रदेश में एक सीट खाली हुई है। उन्हें यहां से राज्यसभा भी भेज दें, तो इसमें कोई बुराई नहीं है। उसका लाभ पार्टी को निश्चित रूप से मिलेगा।"

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर  पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें…)