प्रदेश छत्तीसगढ़

CG: ‘विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण पाठ्य पुस्तकें उपलब्ध कराएं’, शिक्षा मंत्री ने दिए निर्देश

education minister brijmohan agarwal meeting
रायपुर (CG): शिक्षा मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने शुक्रवार को छत्तीसगढ़ पाठ्य पुस्तक निगम कार्यकारिणी सभा की 88वीं बैठक ली। बैठक में उन्होंने बोर्ड के कामकाज की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। मंत्री अग्रवाल ने पाठ्य पुस्तक निगम की कार्यप्रणाली की समीक्षा करते हुए कहा कि पाठ्य पुस्तक निगम विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए हरसंभव प्रयास करे। उन्होंने संभागीय अधिकारियों को विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण पाठ्य पुस्तकें उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य करने के निर्देश दिये।

प्रकाशित की जाएंगी महान विभूतियों की जीवनियां 

मंत्री अग्रवाल ने कहा कि विद्यार्थियों का सामान्य ज्ञान बढ़ाने और उन्हें देश की महान विभूतियों के बारे में जानकारी देने के लिए पुस्तकों के आरंभ और अंत में भारत रत्न और पद्मश्री से सम्मानित महान विभूतियों की जीवनियां प्रकाशित की जाएंगी। इसके अलावा विद्यार्थियों के लिए प्रदेश के राज्यपाल, मुख्यमंत्री, शिक्षा मंत्री और मंत्रिमंडल के सदस्यों के फोटो के साथ परिचय भी प्रकाशित किया जाएगा। प्रत्येक वर्ष पुस्तक मुद्रण में 5 प्रतिशत की वृद्धि की जाती है, जिसे चालू सत्र में नहीं करने का निर्देश दिया गया है। यह भी पढ़ेंः-Chhattisgarh: सैकड़ों साल पुराना है राजिम के श्री रामचंद्र मंदिर का इतिहास, जानें किसने कराया था निर्माण

33 जिलों में स्थापित होंगे पाठ्य पुस्तक निगम के डिपो 

उन्होंने प्रदेश के सभी 33 जिलों में पाठ्य पुस्तक निगम के डिपो स्थापित करने के निर्देश दिये, ताकि सभी स्कूलों में समय पर किताबें पहुंचायी जा सकें। इसके साथ ही छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल से संबद्ध स्कूलों में छत्तीसगढ़ पाठ्य पुस्तक निगम की पुस्तकों का उपयोग अनिवार्य किया जाएगा। अन्य सरकारी विभागों एवं उपक्रमों से अधिक से अधिक मुद्रण आदेश प्राप्त करने को कहा गया है। छत्तीसगढ़ संस्कृत विद्या मंडलम से संबद्ध सभी संस्कृत विद्यालयों को समय पर पाठ्य पुस्तकें उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। (अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर(X) पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)