उत्तर प्रदेश Featured टॉप न्यूज़ राजनीति

यूपी विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष सुखदेव राजभर का निधन, सीएम ने जताया दुख

rajbhar
राजभर

लखनऊः उत्तर प्रदेश विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष सुखदेव राजभर का सोमवार को निधन हो गया। वे पिछले कई दिनों से बीमार थे, जिनका लखनऊ स्थित एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा था। राजभर का पार्थिव शरीर मंगलवार सुबह सात बजे पहले लखनऊ स्थित निवास 3/31 विराज खंड ले जाया जाएगा। इसके बाद उनके पैतृक गांव बड़गहन, आजमगढ़ में उनकी अंत्येष्टि की जाएगी। सुखदेव राज भर के निधन पर यूपी विधानसभा अध्यक्ष हृदय नारायण दीक्षित, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं अन्य नेताओं ने दुख जताया है।

ये भी पढ़ें..बांग्लादेश में कट्टरपंथियों के निशाने पर हिंदू, मंदिरों के बाद घरों पर हमला और आगजनी

उत्तर प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष हृदय नारायण दीक्षित ने पूर्व विधान सभा अध्यक्ष तथा दीदारगंज विधान सभा क्षेत्र के विधायक सुखदेव राजभर के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सुखदेव राजभर एक वरिष्ठ जनप्रतिनिधि थे। संसदीय नियमों एवं परम्पराओं की उन्हें गहरी जानकारी थी। वे हमेशा निर्धन और कमजोर वर्गाें के उत्थान के लिए प्रयत्नशील रहे। उनके निधन से प्रदेश की राजनीति में हुई अपूरणीय क्षति की भरपाई हो पाना कठिन है।

सीएम योगी आदित्यनाथ ने ट्वीट कर कहा, 'उत्तर प्रदेश विधान सभा के पूर्व अध्यक्ष एवं विधायक सुखदेव राजभर जी का निधन अत्यंत दुखद है। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान व शोकाकुल परिजनों को यह दुख सहने की शक्ति प्रदान करें।' उपमुख्यमंत्री दिनेश शर्मा ने कहा कि यूपी विधान सभा के पूर्व अध्यक्ष सुखदेव राजभर के निधन पर विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं।

वहीं, उत्तर प्रदेश के वित्त, संसदीय कार्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने सुखदेव राजभर के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ईश्वर से प्रार्थना की है कि दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें तथा दुख की इस घड़ी में उनके परिवारी जनों को संबल प्रदान करें। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि सुखदेव राजभर के स्वर्गवास का समाचार अत्यंत दुखद है।उनका निधन समाज व राष्ट्र के लिए अपूरणीय क्षति है।

पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने ट्वीट कर कहा 'अत्यंत दु:खद! यूपी विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष एवं वरिष्ठ राजनेता सुखदेव राजभर का निधन अपूरणीय क्षति। शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना, दिवंगत आत्मा को शांति दे भगवान! 'सामाजिक न्याय' को समर्पित आप का राजनीतिक जीवन सदैव प्रेरणा देता रहेगा।' जबकि कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने कहा कि 'पूर्व विधानसभा अध्यक्ष सुखदेव राजभर का जीवन वंचित समाज के लिए समर्पित रहा। वो हमेशा गरीबों की आवाज बनते रहे। उनका जाना समाज के लिए अपूर्णीय क्षति है।'

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर  पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें…)