बिहार

आजादी का अमृत महोत्सव : बेगूसराय में युवा संघर्ष निकालेगी विशाल तिरंगा यात्रा

tiranga-yatra

बेगूसरायः आजादी के 75 वर्ष पूरा होने पर मनाए जा रहे आजादी का अमृत महोत्सव को लेकर इस वर्ष स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर व्यापक तैयारी की जा रही है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान पर हर घर तिरंगा अभियान चल रहा है तो दूसरी ओर स्वतंत्रता दिवस के दिन 15 अगस्त को जगह-जगह तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। सबसे भव्य और व्यापक तिरंगा यात्रा राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर की जन्मभूमि और बिहार के प्रथम मुख्यमंत्री बिहार केसरी डॉ. श्रीकृष्ण सिंह की कर्मभूमि बेगूसराय के जिला मुख्यालय में निकाली जाएगी।

ये भी पढ़ें..पेलोसी की ताइवान यात्रा के बाद चीन ने कड़ी कार्रवाई की दी धमकी

आजादी के अमृत महोत्सव के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले तिरंगा यात्रा के मद्देनजर आज युवाओं की उत्साही लोकप्रिय टोली युवा संघर्ष की बैठक जीडी कॉलेज प्रांगण में युवा संघर्ष के प्रमुख सदस्य अजय कुमार की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में आगामी तिरंगा यात्रा कार्यक्रम पर विस्तृत चर्चा की गई एवं नई कार्यकारिणी इकाई का गठन किया गया है। जिसमें यात्रा प्रमुख विक्की पटेल, सह प्रमुख सुमंत कुमार सुमन, कोषाध्यक्ष अतुल गर्ग, मीडिया प्रमुख शांतनु कुमार, मीडिया सह प्रमुख दिव्यम कुमार एवं सुमित कुमार तथा सोशल मीडिया प्रचार प्रसार प्रमुख सोनू कुमार एवं सह प्रमुख आदित्य कुमार और आजाद कुमार को बनाया गया है।

बैठक की अध्यक्षता करते हुए अजय कुमार एवं अतुल गर्ग ने कहा कि युवा संघर्ष बेगूसराय के तमाम बुद्धिजीवी युवा वर्गों का वह संगठन है जो ऐतिहासिक इतिहासों का पूर्णरूपेण सम्मान करता है, अपने संस्कृति से प्रेम करने को व उनकी और लौटने को प्रेरित भी करता है। बैठक को संबोधित करते हुए युवा संघर्ष के विक्की पटेल एवं सोनू सरकार ने कहा कि भारतीय स्वतंत्रता के 75 वर्ष पूरे हो गए इस अवसर को पूरा देश आजादी का अमृत महोत्सव के रूप में मना रहा है।

राष्ट्रप्रेम को जागृत करने के लिए स्वतंत्रता के 75 वर्ष पूरा होने पर इस वर्ष हर घर तिरंगा अभियान चल रहा है। इस पावन अवसर पर बेगूसराय की ऐतिहासिक धरती पर विशाल तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी, जिसकी तैयारी चल रही है। तिरंगा यात्रा का कार्यक्रम हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी डीजे एवं तिरंगे के साथ भव्यता पूर्वक आयोजित होगा। तिरंगा यात्रा की शुरुआत बेगूसराय के बहुप्रतिष्ठित जीडी कॉलेज से होगी तथा विभिन्न मार्गों से होते हुए जीडी कॉलेज में ही सभा के साथ समापन होगा। यात्रा में जिले के वरिष्ठ समाजसेवी हिस्सा लेंगे तथा यह यात्रा एक बार फिर ऐतिहासिक होकर जिले की गरिमा बढ़ाने का कार्य करेगी।

सोनू कुमार एवं दिव्यम कुमार ने बताया की युवा संघर्ष आगे भी ऐसे ढेरो कार्यक्रम आयोजित करेगा, साथ ही सामाजिक सौहार्द और प्रेम को सदृढ़ एवं एकजुट करेगा। आर्यन सिन्हा एवं आजाद कुमार ने कहा कि यह यात्रा हर वर्ष आयोजित होती है। अब जिले के युवा इस यात्रा में अत्यंत उत्साह के साथ सम्मिलित होते हैं। हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी भारी संख्या में युवा इस यात्रा में शामिल होंगे, देशप्रेम की यह यात्रा ऐतिहासिक होगी। बैठक में दीपांशु सिन्हा, सुमंत कुमार सुमन, शांतनु कुमार, पवन कुमार, राजदीपक गुप्ता, अंकित, आदित्य, आदर्श एवं प्रिंस सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)