दुनिया

श्रीलंका ने अवैध शिकार के आरोप में 21 भारतीय मछुआरों को किया गिरफ्तार

fisherman

कोलंबोः मछली पकड़ते हुए श्रीलंका के जल क्षेत्र में पहुंच गए 21 भारतीय मछुआरों को श्रीलंका की नौसेना ने गिरफ्तार कर लिया है। इन भारतीय मछुआरों पर अवैध शिकार करने का आरोप लगाया गया है। श्रीलंका के मुछआरे पिछले एक सप्ताह से अधिक समय से भारतीय मछुआरों के श्रीलंकाई जल क्षेत्र में प्रवेश कर मछली पकड़ने की कोशिश का विरोध कर रहे हैं। वे स्थानीय प्रशासन व श्रीलंका की नौ सेना से भारतीय मछुआरों का श्रीलंकाई जल क्षेत्र में प्रवेश रोकने की मांग कर रहे हैं।

श्रीलंका की नौसेना ने मंगलवार को बताया कि उसने स्थानीय मछुआरों के सतर्क किए जाने के बाद श्रीलंका के जल क्षेत्र में अवैध शिकार करने के आरोप में 21 भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही मछली पकड़ने के दो ट्रॉलर भी जब्त किए गए हैं। दो भारतीय नौकाओं को स्थानीय मछुआरों ने बीती मध्यरात्रि के आसपास अंतरराष्ट्रीय जल क्षेत्र के श्रीलंकाई हिस्से में प्वाइंट पेड्रो के तट पर देखा था।

यह भी पढ़ेः IPL 2022 : फिर सजेगी क्रिकेटरों की मंडी, धवन-रैना समेत 590 का नाम ऑक्शन लिस्ट में

श्रीलंकाई नौसेना के प्रवक्ता कैप्टन इंडिका सिल्वा ने बताया कि इस दौरान पकड़े गए भारतीय मछुआरों और दोनों नौकाओं को स्थानीय पुलिस को सौंप दिया गया है। स्थानीय मछुआरों ने दावा किया कि उनके दो सहयोगी समुद्र में लापता हो गए थे और उन्हें डर था कि भारतीय मछुआरों ने उन्हें नुकसान पहुंचाया है। उल्लेखनीय है कि पिछले सप्ताह ही श्रीलंका की एक अदालत ने 56 भारतीय मछुआरों को रिहा करने का आदेश दिया था। इन्हें भी श्रीलंकाई जल क्षेत्र में मछली पकड़ने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर  पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें…)