देश Featured टॉप न्यूज़ राजनीति

कई उपलब्धियों के साथ रायसीना हिल से विदा होंगे राष्ट्रपति कोविंद, PM मोदी आज देंगे विदाई भोज

President-Ram-Nath-Kovind

नई दिल्लीः प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज (शुक्रवार) शाम होटल अशोक में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद (ramnath Kovind) को विदाई भोज देंगे। इस भोज में उपराष्ट्रपति, लोकसभा अध्यक्ष, मोदी मंत्रिपरिषद के सभी मंत्री मौजूद रहेंगे। राष्ट्रपति कोविंद देश की 15वीं राष्ट्रपति चुनी गईं द्रौपदी मुर्मु के सम्मान में रविवार को रात्रिभोज देंगे। इस अवसर पर उपराष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, कैबिनेट मंत्री और विपक्ष के तमाम दिग्गज नेता मौजूद रहेंगे।

ये भी पढ़ें..श्रीलंका में नए राष्ट्रपति के खिलाफ प्रदर्शन तेज, कोलंबो में प्रदर्शनकारियों के शिविरों में घुसी सेना

समतावाद और अखंडता के पैरोकार देश के 14वें राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद अब राष्ट्रपति भवन से विदाई लेने की तैयारी में हैं। 25 जुलाई, 2017 को राष्ट्रपति बने कोविंद का कार्यकाल रविवार को पूरा होगा। दो वर्ष का समय कोविड महामारी में बीतने के बावजूद उनके कार्यकाल को कई अहम उपलब्धियों के लिए याद किया जाएगा।

राष्ट्रपति कोविंद की उपलब्धियों को किया जाएगा याद

शिक्षा को सामाजिक सशक्तीकरण का उपकरण बताने वाले कोविंद राष्ट्र निर्माण में महिलाओं की अधिक सक्रिय भागीदारी के समर्थक हैं। वंचित वर्गों, विशेष रूप से विकलांगों और अनाथों के लिए अधिक अवसर पैदा करने का आह्वान करते रहे हैं। कोविंद ने अपनी साधारण पृष्ठभूमि का उल्लेख करते हुए कहा था कि वे एक छोटे से गांव में मिट्टी के घर में पले-बढ़े और राष्ट्रपति बनने तक की उनकी यात्रा लंबी रही है। देश के राष्ट्राध्यक्ष के तौर पर उन्होनें 33 देशों की राजकीय यात्राएं की। मेडागास्कर, इक्वेटोरियल गिनी, इस्वातिनी, क्रोएशिया, बोलीविया और गिनी गणराज्य से सर्वोच्च राजकीय सम्मान प्राप्त हुआ।

2018 में दुनिया के सबसे ऊंचे युद्ध क्षेत्र लद्दाख के सियाचिन में कुमार पोस्ट का दौरा किया। वे केआर नारायणन के बाद शीर्ष संवैधानिक पद पर काबिज होने वाले दूसरे दलित बने। उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले के परौंख गांव में मामूली परिवार में जन्मे कोविंद ख्यातनाम वकील, सांसद और बिहार के राज्यपाल भी रहे हैं। कार्यकाल पूरा होने पर उनका नया आवास लुटियन जोन का '12 जनपथ' हो सकता है। इस बंगल में लंबे समय तक पूर्व केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान रहे हैं।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)