Featured राजस्थान

CAA: खत्म हुआ बरसों का इंतजार ! एक साथ इतने पाकिस्तानी प्रवासियों को मिली भारतीय नागरिकता

Indian citizenship in Jaipur
CAA, जयपुरः बरसों से भारतीय नागरिकता पाने की कोशिश कर रहे पाकिस्तानी प्रवासियों के लिए शुक्रवार का दिन खुशियां लेकर आया। अतिरिक्त जिला कलक्टर (दक्षिण) शेफाली कुशवाह ने शुक्रवार को छह पाक विस्थापितों को भारतीय नागरिकता प्रमाण पत्र सौंपे। भारतीय नागरिकता पाने वाले पाकिस्तानी प्रवासियों में प्रेमलता, बेजल, जजराज, केकू माई, संजय राम, गोमंद राम का नाम शामिल है। दरअसल केंद्र सरकार द्वारा देश में नागरिकता संशोधन कानून (CAA) लाने के बाद इन्हें इसका लाभ मिला।

2010 में कराची से आई थी भारत

2010 में पाकिस्तान के कराची से विस्थापित होकर भारत आईं 41 वर्षीय प्रेमलता ने नागरिकता प्रमाण पत्र मिलने के बाद जिला प्रशासन के प्रति आभार जताया और कहा कि भारत आकर हमें आजादी की असली अनुभूति हुई है। संजय राम ने कहा कि मैं 10 साल से भारतीय नागरिकता पाने की कोशिश कर रहा था लेकिन आज कई सालों का लंबा इंतजार खत्म हो गया है। अब हम गर्व से कह सकते हैं कि हम भारतीय हैं। ये भी पढ़ें..SC का चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति पर तत्काल रोक लगाने से इनकार, इस दिन अगली सुनवाई

अब तक 319 लोगों को मिल चुकी है नागरिकता 

इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलक्टर शेफाली कुशवाह ने भारतीय नागरिकता प्राप्त करने वाले सभी पाकिस्तानी प्रवासियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन नागरिकता आवेदनों को प्राथमिकता के आधार पर संसाधित करता है और नियमानुसार प्रमाण पत्र जारी करता है, ताकि आवेदक को किसी भी समस्या का सामना न करना पड़े। उन्होंने बताया कि अब तक कुल 319 पात्र आवेदकों को भारतीय नागरिकता प्रमाणपत्र जारी किया जा चुका है। गौरतलब है कि नागरिकता (संशोधन) अधिनियम (सीएए) एक ऐसा कानून है जो पाकिस्तान, बांग्लादेश और अफगानिस्तान से प्रताड़ित गैर-मुस्लिम प्रवासियों को नागरिकता देगा और किसी की नागरिकता नहीं छीनेगा। केंद्र सरकार ने सोमवार को सीएए 2019 लागू करने की घोषणा की। (अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर(X) पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)