प्रदेश Featured दिल्ली

निक्की हत्याकांड: दो दिन बढ़ी साहिल की हिरासत, अन्य पांच आरोपितों को भेजा गया...

court-decision
court-decision   नई दिल्ली: दिल्ली के द्वारका कोर्ट ने निक्की यादव की हत्या के आरोपित साहिल गहलोत की पुलिस हिरासत दो दिनों के लिए बढ़ा दी है। कोर्ट ने इस मामले में गिरफ्तार बाकी पांच आरोपितों को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया। एडिशनल चीफ मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट समीक्षा गुप्ता ने ये आदेश दिया। आज पेशी के दौरान जांच अधिकारी ने साहिल गहलोत की तीन दिनों की हिरासत की मांग की थी। साहिल गहलोत और बाकी पांचों आरोपितों की पुलिस हिरासत आज खत्म हो रही थी जिसके बाद आज उन्हें कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने पिछले 17 फरवरी को मामले में गिरफ्तार पांच आरोपितों को आज तक की पुलिस हिरासत में भेजा था। दिल्ली पुलिस ने मुख्य आरोपित साहिल गहलोत के पिता वीरेंद्र सिंह, भाई आशीष और नवीन, दोस्त लोकेश व अमर को गिरफ्तार किया था। नवीन दिल्ली पुलिस में कांस्टेबल है। बताया जा रहा है कि साहिल और निक्की ने अक्टूबर 2020 में नोएडा के एक आर्य समाज मंदिर में शादी कर ली थी। साहिल का परिवार इस शादी से नाखुश था इसलिए वो निक्की को रास्ते से हटाना चाहते थे। साहिल के परिवार ने दिसंबर 2022 में उसका रिश्ता तय कर दिया और लड़की वालों से बात छिपाई कि साहिल पहले से शादीशुदा है। पुलिस ने साहिल और निक्की के शादी के सर्टिफिकेट भी बरामद किए हैं। निक्की के शव को फ्रिज में छुपाने में उसके दोस्त और चचेरे भाई ने साथ दिया था। 15 फरवरी को कोर्ट ने साहिल को दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच की आज तक की रिमांड पर भेजा था। दरअसल, निक्की साहिल के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी। उसका बॉयफ्रेंड साहिल किसी दूसरी महिला से शादी करने की तैयारी कर रहा था। इसको लेकर दोनों के बीच में कहासुनी हुई थी। आरोपित ने सुबह तो अपनी गर्लफ्रेंड की हत्या की और फिर उसी शाम घरवालों के कहने पर दूसरी लड़की से शादी भी कर ली थी। दिल्ली पुलिस के मुताबिक पूछताछ के दौरान आरोपित साहिल ने बताया कि उसने निक्की की हत्या 10 फरवरी को दिल्ली के आईएसबीटी के पास कार में गला दबाकर कर दी थी, हत्या करने के बाद वो लाश को लेकर गाड़ी में घूमता रहा, फिर उसने एक ढाबे के फ्रिज में उसे छिपा दिया। (अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)