राजनीति

सरकार बनाने के लिए नीतीश पर डोरे डाल रहा महागठबंधन !

पटना: बिहार विधानसभा चुनाव का परिणाम आने के बाद अब सरकार गठन की कवायद शुरू हो चुकी है। राष्‍ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) में जनता दल यूनाइटेड को भारतीय जनता पार्टी से कम सीटें मिली हैं, लेकिन जदयू सुप्रीमो नीतीश कुमार ही मुख्‍यमंत्री बनेंगे। इस बीच महज कुछ सीटों के अंतर से सत्‍ता से दूर महागठबंधन के नेता नीतीश कुमार को अपने पाले में कर सरकार बनाने की कवायद में जुट गए हैं। ताजा मामला कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह के ट्वीट का है। उन्‍होंने नीतीश कुमार से भाजपा और संघ की विचारधारा छोड़कर तेजस्‍वी यादव को आशीर्वाद देने की अपील की है। जदयू ने ऐसी किसी संभावना से इनकार किया है, लेकिन इस मामले में बिहार में सियासत भी गरमाने लगी है।

अपने ट्वीट में दिग्विजय सिंह ने कहा है कि भाजपा व संघ अमरबेल की तरह हैं। अमरबेल जिस पेड़ पर लिपटती है, उसे सुखाकर खुद पनप जाती है। उन्‍होंने नीतीश कुमार को संबोधित करते हुए लालू प्रसाद के साथ उनके संघर्ष व आंदोलनों मे साथ जेल जाने की याद दिलाई है। यह भी लिखा है कि वे भाजपा व संघ की विचारधारा को छोड़ कर तेजस्वी यादव को आशीर्वाद दें तथा भाजपा व संघ की अमरबेल को बिहार में नहीं पनपने दें। अपने एक अन्‍य ट्वीट में उन्‍होंने लिखा है कि नीतीश कुमार के लिए बिहार छोटा हो गया है, वे भारत की राजनीति में आएं। वे समाजवादी धर्मनिरपेक्ष विचारधारा के लोगों को एकजुट करने में मदद करते हुए संघ की फूट डालो और राज करो की नीति नहीं पनपने देने पर विचार करें।

दिग्विजय के बयान पर गरमाई सियायत

उधर, दिग्विजय सिंह के बयान पर बिहार में सियायत गरमाने लगी है। भाजपा प्रवक्‍ता शाहनवाज हुसैन ने कहा कि नीतीश कुमार बिहार में एनडीए के नेता हैं और वही मुख्‍यमंत्री बनेंगे। गिरिराज सिंह ने कहा कि कांग्रेस तो खुद ही अमरबेल है। बिहार में नीतीश कुमार ही मुख्‍यमंत्री होंगे। इसे लेकर कोई संशय नहीं है। दिग्विजय सिंह के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए जदयू के राष्‍ट्रीय महासचिव केसी त्‍यागी ने कहा कि नीतीश कुमार एनडीए में हैं। वे मुख्‍यमंत्री बनेंगे, यह पहले ही तय हो चुका है। ऐसे में दिग्विजय सिंह के बयान का कोई मायने नहीं है।

अपने नेता के बयान पर कांग्रेस ने दी सफाई

दिग्विजय सिंह के इस बयान का उनकी पार्टी ने ही विरोध किया है। बिहार कांग्रेस के अध्‍यक्ष मदन मोहन झा ने कहा कि उन्‍होंने ट्वीट नहीं देखा है। पहले वे इसका मतलब समझेंगे, फिर कोई प्रतिक्रिया देंगे। वैसे, यह सवाल काल्‍पनिक है। उन्‍होंने नीतीश को कांग्रेस के साथ लाने की किसी कोशिश की जानकारी से इनकार किया। कांग्रेस नेता प्रेमचंद मिश्रा ने कहा कि नीतीश कुमार के महागठबंधन में आने की बात कल्‍पना मात्र है।