देश Featured

झारखंड की 4 सीटों पर महिला वोटर्स का दबदबा, निभा सकती हैं निर्णायक भूमिका

Bihar Lok Sabha Elections 2024
Jharkhand Lok Sabha Elections 2024: आगामी लोकसभा चुनाव में झारखंड की राजनीतिक दिशा और दशा तय करने में महिलाएं पुरुषों से ज्यादा निर्णायक भूमिका निभा सकती हैं। राज्य की कुल 14 लोकसभा सीटों पर महिला मतदाताओं का दबदबा बढ़ा है। जो मतदाता पहली बार अपने मताधिकार का प्रयोग करने जा रहे हैं उनमें महिलाएं शीर्ष पर हैं।

इन हिस्सों में महिलाओं की संख्या अधिक

पुरुष और महिला मतदाताओं के बीच का अंतर भी बढ़ा है। दोनों के बीच का अंतर 50 से 60 फीसदी कम हो गया है। 16 मार्च तक अद्यतन मतदाता सूची के आंकड़ों के अनुसार राजमहल, खूंटी, सिंहभूम और लोहरदगा में महिला मतदाताओं की संख्या पुरुषों से अधिक है। राजमहल में महिला मतदाताओं की संख्या 8 लाख 41 हजार 217 है, जबकि पुरुष मतदाताओं की संख्या 8 लाख 40 हजार 995 है। इसी तरह, खूंटी में 6 लाख 67 हजार 946 महिला मतदाताओं की तुलना में पुरुष मतदाताओं की संख्या 6 लाख 44 हजार 311 है।

नए मतदाताओं की बढ़ी संख्या

लोहरदगा में 7 लाख 19 हजार 616 महिला और 7 लाख 7 हजार 402 पुरुष मतदाता हैं। सिंहभूम में 7 लाख 27 हजार 734 महिला मतदाताओं की तुलना में 7 लाख 5 हजार 167 पुरुष मतदाता हैं। इस बार नए मतदाता जुड़ने की रिकॉर्ड संख्या 22 लाख 33 हजार 738 है। इनमें 11 लाख 39 हजार 960 महिलाएं हैं, जबकि पुरुष मतदाताओं की संख्या 10 लाख 93 हजार 718 है। 2019 में हुए लोकसभा चुनाव में झारखंड में महिला मतदाताओं की संख्या पुरुषों से करीब 10 लाख कम थी। इस बार पुरुष मतदाताओं की संख्या महिलाओं से महज 4.77 लाख ही ज्यादा है।
(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर(X) पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)