Featured महाराष्ट्र टॉप न्यूज़ राजनीति

अमित शाह की बड़ी बहन का निधन, गृह मंत्री ने सभी कार्यक्रम किए रद्द

Amit-shah
मुंबईः केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह (Amit Shah) की बड़ी बहन राजेश्वरी प्रदीप शाह का मुंबई के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान निधन हो गया। वह 65 साल की थीं। राजेश्वरीबेन का अहमदाबाद लंबे समय से इलाज चल रहा था। बाद में उन्हें मुंबई के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अपनी बड़ी बहन राजेश्वरीबेन शाह के निधन की खबर मिलते ही अमित शाह ने गुजरात में अपने सभी कार्यक्रम रद्द कर दिए।

बहन के अंतिम संस्कार में शामिल होंगे अमित शाह

राजेश्वरी का पार्थिव शरीर सोमवार उनके आवास पर लाया गया। आज ही थलतेज श्मशान घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। बहन की निधन की जानकारी मिलते ही अमित शाह ने अपने सभी सार्वजनिक कार्यक्रम रद्द कर दिए हैं। गृहमंत्री के उनके अंतिम संस्कार में शामिल होने की संभावना है। हालांकि, इसके बारे में ज्यादा जानकारी नहीं दी गई है। ये भी पढ़ें..उद्धव ठाकरे के आवास मातोश्री के बाहर बम विस्फोट की धमकी, बढ़ाई गई सुरक्षा

गृहमंत्री अमित ने अपने सारे कार्यक्रम किए रद्द

बता दें कि अमित शाह मकर संक्रांति उत्सव के अवसर पर रविवार से ही अहमदाबाद में थे जब उन्हें यह दुखद संदेश मिला। वह आज बनासकांठा और गांधीनगर जिले में दो कार्यक्रम में शामिल होने वाले थे। दोपहर में उन्हें गांधीनगर के राष्ट्रीय रक्षा विश्वविद्यालय में विभिन्न विकासात्मक परियोजनाओं का उद्घाटन करना था। इससे पहले पिछले हफ्ते शाह ने दक्षिण मुंबई के एचएन रिलायंस फाउंडेशन हॉस्पिटल में अपना संबोधन दिया था। इस दौरान महाराष्ट्र के सीएम एकनाथ शिंदे और उद्योगपति मुकेश अंबानी से भी मुलाकात की थी। (अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर(X) पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)