बिहार

गिरिराज सिंह ने कहा, जल्द पूरा हो जाए भव्य श्रीराम मंदिर का निर्माण कार्य

giriraj singh

बेगूसरायः केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने अपने संसदीय क्षेत्र बेगूसराय में श्रीराम जन्मभूमि मंदिर निर्माण निधि समर्पण अभियान का शुभारंभ किया। इस मौके पर जय श्रीराम के नारों से शहर गुंजायमान होता रहा तथा गिरिराज सिंह ने घूम-घूम कर लोगों से मंदिर निर्माण निधि का संकलन किया। सदर अस्पताल के नजदीक स्थित बरौनी डेयरी के स्टॉल पर राशि संग्रह कर गिरिराज सिंह ने अभियान की शुरुआत की।

यह भी पढ़ें-फिल्म ‘रश्मि रॉकेट’ का आखिरी शेड्यूल पूरा करने भुज पहुंचीं तापसी पन्नू

इस मौके पर गिरिराज सिंह ने कहा कि अयोध्या में निर्माणाधीन भव्य श्रीराम मंदिर सनातन संस्कृति की विश्व आस्था का प्रतीक है। देश के सवा सौ करोड़ लोग श्रीराम के प्रति आस्थावान हैं तथा इनकी इच्छा है कि जल्द से जल्द भव्य मंदिर का निर्माण कार्य पूरा हो जाए। उन्होंने कहा कि श्रीराम मंदिर निर्माण के लिए देश के सनातन धर्मावलंबियों ने कहा था राम लला हम आएंगे मंदिर वहीं बनाएंगे। एक-एक रुपया और एक-एक ईंट देकर हम सनातन धर्मावलंबियों ने मंदिर निर्माण का संकल्प लिया था। नरेन्द्र मोदी की सरकार में आस्था के प्रतीक मंदिर निर्माण का मार्ग प्रशस्त हुआ और अब हम श्रीराम का भव्य मंदिर निर्माण कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि मंदिर निर्माण में देश भर से हरेक व्यक्ति की सहभागिता हो, इसके लिए निधि समर्पण अभियान चल रहा है। देश भर के ही नहीं, दुनिया के सनातन धर्मावलंबी लोग इस समर्पण अभियान में तन मन धन से समर्पण कर रहे हैं। नगर मंडल अध्यक्ष रूपेश गौतम के नेतृत्व में शुरू किए गए इस अभियान में नगर विधायक कुंदन सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष राज किशोर सिंह, जिला महामंत्री कृष्ण मोहन पप्पू, उपाध्यक्ष मृत्युंजय कुमार वीरेश, कुंदन भारती तथा मीडिया प्रभारी सुमित सन्नी समेत बड़ी संख्या में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता एवं आरएसएस के स्वयंसेवक उपस्थित थे।