तानाशाह ‘किम जोंग उन’से कम नहीं हैं ममता बनर्जी, गिरि राज सिंह का बंगला की CM पर तीखा हमला

51
Giriraj-Singh-on-Ramkripal-Yadav

पटना: केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह (Giriraj Singh) ने गुरुवार को पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी (Mamata Banerjee) पर तीखा हमला बोला। गिरिराज सिंह ने ममता की तुलना उत्तर कोरिया के तानाशाह किम जोंग उन (Kim Jong Un) से की। उन्होंने कहा कि जैसे किम जोंग विपक्ष को बर्दाश्त नहीं करते, वैसे ही ममता भी बंगाल में विपक्ष को बर्दाश्त नहीं करतीं।

दरअसल, कोलकाता में ट्रेनी डॉक्टर के साथ हुई ज्यादती के मुद्दे पर बंगाल सरकार को घेरते हुए उन्होंने आगे कहा, आज बंगाल की बेटी के साथ हुए दुष्कर्म पर वो लोग बंगाल में नजर नहीं आते। लेकिन, वो टुकड़े-टुकड़े गैंग ममता बनर्जी के साथ नजर आ रही है। ममता बनर्जी बंगाल में हार चुकी हैं और अपनी लोकप्रियता खो चुकी हैं। इसलिए वो असंवैधानिक बातें बोल रही हैं। वो संघीय ढांचे को तोड़ रही हैं। राहुल गांधी और लालू यादव उनके समर्थन में खड़े हैं।

ममता बनर्जी के बयान पर बीजेपी ने जताई आपत्ति

गिरिराज सिंह ने ममता बनर्जी की भाषा पर आपत्ति जताई। कहा कि जिस तरह से उन्होंने बयान दिया है, ये भाषा एक लोकतांत्रिक व्यक्ति की नहीं हो सकती। चूंकि वो मुख्यमंत्री हैं, इसलिए उनका व्यवहार उत्तर कोरिया के तानाशाह किम जोंग उन जैसा ही है। जिस तरह उन्हें अपना विपक्ष पसंद नहीं है, उसी तरह ममता को भी विपक्ष पसंद नहीं है।

बता दें कि आरजी कर मेडिकल कॉलेज में ट्रेनी डॉक्टर के साथ दुष्कर्म और हत्या को लेकर देशभर में गुस्सा है। बंगाल में लगातार विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। हाल ही में बीजेपी ने राज्य सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया था। जिसमें कई बीजेपी नेताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया था।

ये भी पढ़ेंः- महिला पहलवानों से यौन शोषण मामले में बृजभूषण सिंह को बड़ा झटका, HC ने रद्द की याचिका

असम को धमकाने की आपकी हिम्मत कैसे हुई- बिस्वा सरमा

हाल ही में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने विवादित बयान दिया। उन्होंने कहा है कि याद रखिए, अगर बंगाल जलेगा तो असम, बिहार, झारखंड, ओडिशा और दिल्ली भी जलेंगे। ममता के इस बयान पर बीजेपी ने कड़ी आपत्ति जताई है। सीएम ममता बनर्जी के इस बयान पर बीजेपी नेता सुकांत मजूमदार ने बुधवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखा। पत्र में उन्होंने पश्चिम बंगाल की कानून व्यवस्था पर चिंता जताई है।

वहीं, असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने भी ममता के बयान पर आपत्ति जताई। उन्होंने एक एक्स-पोस्ट में कहा कि दीदी, आपकी हिम्मत कैसे हुई असम को धमकाने की? हमें लाल आंखें मत दिखाइए। अपनी नाकामी की राजनीति से भारत को जलाने की कोशिश भी मत कीजिए। विभाजनकारी भाषा बोलना आपको शोभा नहीं देता।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर(X) पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)