प्रदेश उत्तर प्रदेश Featured

प्रयागराज में प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन में सीएम योगी बोले- तीर्थराज प्रयाग सम्पूर्ण भारत की आस्था का प्रतीक

yogi-adityanath_
yogi-adityanath_

प्रयागराजः तीर्थराज प्रयाग सम्पूर्ण भारत की आस्था का प्रतीक है। इस धरती को मां गंगा, यमुना, सरस्वती और लेटे हुए भगवान हनुमान का आशीर्वाद प्राप्त है। यहां महर्षि भरद्वाज का आश्रम है तो वहीं द्वादश माधव, लेटे हनुमानजी आदि हैं। इसीलिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में यहॉ का पौराणिक नाम ‘प्रयागराज’ किया गया है। यह बातें संगमनगरी के परेड मैदान पर आयोजित प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन को सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कही। परेड ग्राउंड पर गुरुवार को मुख्यमंत्री पहुंचे। उन्होंने लगभग 1295 करोड़ रुपये की 284 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। साथ ही तीन योजनाओं के 20 लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र भी प्रदान किया। मुख्यमंत्री ने सबसे पहले विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को चेक और पीएम आवास की चाभी प्रदान की।

मुख्यमंत्री योगी ने प्रयागराज की धरती को नमन करते हुए तीर्थराज की महिमा बताई और कहा कि प्रयागराज कुम्भ विश्व भर में विख्यात है। उन्होंने 2025 प्रयागराज कुम्भ को 2019 के कुम्भ से भी ज्यादा भव्य और दिव्य कराने की बात कही। उन्होंने कहा कि 1295 करोड़ की परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास से प्रयागराज की जनता का जीवन और खुशहाल होगा। यह सरकार आम जनता का जीवन स्तर उठाने के लिए पूरी गम्भीरता से काम कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले की सरकारों में माफिया विकास कार्य में बैरियर बनते थे, लेकिन अब माफिया जेल में हैं या यूपी छोड़कर भाग गए हैं। उनकी सम्पत्तियों को जब्त कर गरीबों के लिए आवास बनाए जा रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि 2018 में प्रधानमंत्री मोदी ने पंच प्रण में विकसित भारत का संकल्प लिया था, जिसे साकार किया जा रहा है। मुख्यमंत्री से पहले शहर दक्षिणी के विधायक व कैबिनेट मंत्री नंदगोपाल गुप्ता नंदी ने मुख्यमंत्री के अभिनंदन में संबोधन किया। कहा कि सभी योजनाएं लोगों तक पहुंचे, यह मुख्यमंत्री की प्राथमिकता में है।

ये भी पढ़ें..महिला कर्मचारी ने की आत्महत्या की कोशिश, डाॅक्टर पर लगाया प्रताड़ना...

उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने कहा 2017 के पहले माफिया जिस जमीन पर हाथ रख दे वह उसकी हो जाती थी। लेकिन आज सभी माफिया जेल में हैं या यूपी छोड़ दिये हैं। मुख्यमंत्री योगी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश तेजी से विकास की राह पर है। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने पूर्व की बसपा और सपा सरकार के भ्रष्टाचार का उल्लेख करते हुए तंज कसा। कहा कि 2017 के पहले सभी विकास रूके हुए थे। आज भाजपा के डबल इंजन की सरकार में सीएम योगी के नेतृत्व में हाईवे, एक्सप्रेसवे समेत अन्य कई विकास योजनाओं की धारा बह रही है। उन्होंने नगर निगम के चुनाव को ट्रिपल इंजन करार दिया। इससे विकास और तेजी से दौड़ेगा। इस अवसर पर सांसद केसरी देवी पटेल, सांसद रीता बहुगुणा जोशी, महापोर अभिलाषा गुप्ता, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ वीके सिंह, समस्त एमएलसी व विधायक एवं महानगर अध्यक्ष, गंगापार व यमुनापार जिलाध्यक्ष सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।

अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक औरट्विटरपर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें…