राजनीति

बीजेपी अध्यक्ष ने साधा कांग्रेस पर निशाना, बोले- हमने जो बोला वो करके दिखाया

vd_876

भोपाल: भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि आजादी के बाद वर्षों तक कांग्रेस ने देश पर राज किया, लेकिन इनकी सरकारों ने कभी भी गरीबों के हितों में कोई कामकाज नहीं किया। कांग्रेस ने कभी भी गरीब और इनकी गरीबी की चिंता नहीं की। यही कारण रहा कि गरीब अब तक गरीब बना रहा, लेकिन अब गरीबी हटाने का संकल्प लेकर देश के अंदर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और प्रदेश में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान रात-दिन काम कर रहे हैं।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष शर्मा मंगलवार को खंडवा लोकसभा के पुनासा में युवा सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेताओं ने कभी गरीबी नहीं देखी, गांव नहीं देखे, वे क्या गरीबी हटाते। गरीबी हटाने का काम तो प्रधानमंत्री मोदी ने किया है। उन्होंने गरीबी और गांव दोनों को करीब से देखा है। उन्होंने वह दिन भी देखे हैं, जब उनकी मां चूल्हे पर खाना बनाकर खिलाती थी। लेकिन अब कोई भी मां-बहन चूल्हे पर खाना नहीं बनाती। अब तो प्रधानमंत्री जी ने हर घर में गैस कनेक्शन दे दिए। पक्का मकान बनवा दिया और अब उन्होंने संकल्प लिया है कि 2023 तक हर घर में नल से पानी आएगा। किसी भी मां-बहन को पानी लेने के लिए दूर कुंए या हैंडपंप पर नहीं जाना पड़ेगा।

कमलनाथ जी मुंगेरीलाल हो गए हैं

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने कहा कि आजकल कमलनाथ जी मुंगेरीलाल हो गए हैं। वे दिन में भी सपने देखते हैं और सपने में वे अपने आपको मुख्यमंत्री मानते हैं। हम तो कहते हैं कि वे रोज सपनों में मुख्यमंत्री बनें, लेकिन जब प्रदेश की जनता ने उन्हें 15 माह के लिए मुख्यमंत्री बना दिया था तो वे मदमस्त हो गए। मुख्यमंत्री तो वे बने, लेकिन पर्दे के पीछे से सरकार मिस्टर बंटाढार दिग्विजय सिंह ने चलाई। भ्रष्टाचार और दलाली का अड्डा बना दिया था वल्लभ भवन को। कमलनाथ ने प्रदेश के गरीब, किसान, महिलाओें, बेटियों सहित हर वर्ग के साथ छल-कपट किया, उनकी योजनाओं को बंद कर दिया।

झूठ बोलेंगे, भ्रम भी फैलाएंगे, फंसना नहीं है

शर्मा ने कहा कि यहां पर कांग्रेस के लोग आएंगे, झूठ बोलेंगे, भ्रम फैलाएंगे औैर प्रलोभन भी देंगे, लेकिन इनके प्रलोभन में फंसना नहीं है। एक बार किसान कर्जमाफी के प्रलोभन में फंस गए थे, आज तक कर्जा माफ नहीं हुआ और वे डिफाल्टर अलग हो गए। इसलिए इस बार इनके प्रलोभन में बिल्कुल भी नहीं फंसना है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने कभी भी भ्रम फैलाकर, झूठ बोलकर वोट नहीं मांगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने जो भी वादे किए, जो भी कहा उसे पूरा करके दिखाया है। इसलिए आज देश-प्रदेश से गरीबी हट रही है।