प्रदेश बिहार Featured क्राइम

बिहार में एक साथ छह किशोरियों ने खाया जहर, तीन की मौत

पटनाः बिहार के औरंगाबाद जिले के कसमा थाना क्षेत्र में 6 किशोरियों ने कथित रूप से जहरीला पदार्थ खा लिया, जिसमें तीन लड़कियों की मौत हो गई। पुलिस प्रथम दृष्टया इसे प्रेम प्रसंग का मामला बता रही है। पुलिस के एक अधिकारी ने शनिवार को बताया कि चिरैला गांव में 6 लड़कियों ने एक साथ जहर खा लिया। इनमें से 3 की मौत हो चुकी है। तीन लड़कियों का मगध मेडिकल कॉलेज एंड अस्पताल में इलाज चल रहा है। जिनकी हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही हैं।

पुलिस के मुताबिक ये सभी सहेलियां थीं। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। बताया जाता है कि ये सभी सहेलियां शुक्रवार की शाम को गांव के पास ही घूमने गई थी और जहरीला पदार्थ खा लिया। मृतकों की पहचान नीलम कुमारी, काजल कुमारी और अनीषा कुमारी के तौर पर हुई है। सभी की उम्र 12 से 14 साल के बीच है। औरंगाबाद के पुलिस अधीक्षक कांतेश कुमार मिश्र ने बताया कि प्रारंभिक जांच में प्रेम प्रसंग की बात सामने आई है।

ये भी पढ़ें..उफ गर्मी! आसमान से बरसती आग से लोग हुए बेदम, मौसम...

मरने वाली एक लड़की अपने भाई के साले से प्रेम करती थी। उसने सहेलियों के साथ अपने प्रेम का इजहार कर शादी की पेशकश की। मगर लड़के ने मना कर दिया। इसके बाद इस लड़की ने किसी विषैले पदार्थ का सेवन कर लिया। इस सूचना पर पहुंची पांच सहेलियों ने भी जहर निगल लिया। उन्होंने हालांकि यह भी कहा पुलिस सभी कोणों से जांच कर रही है। सहेलियों ने एक साथ जहरीला पदार्थ क्यों खाया, यह अभी तक पता नही चल सका है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पीड़ित किशोरियों से भी पूछताछ की जाएगी।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर  पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें…)