प्रदेश छत्तीसगढ़ Featured

Rajim Kumbh 2024: राममय हुआ राजिम कुंभ, लेजर शो बना आकर्षण का केंद्र

rajim kumbh cg
Rajim Kumbh 2024: छत्तीसगढ़ सरकार के धर्मस्व, संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री बृजमोहन अग्रवाल के नेतृत्व में राजिम कुंभ कल्प को रामोत्सव की थीम पर सजाया गया है। विभिन्न धार्मिक गतिविधियां भी संचालित की जा रही हैं। इसी कड़ी में मेला स्थल के नदी तट पर लेजर लाइट डिस्प्ले के लिए भी संरचना बनाई गई है, जिसमें लेजर लाइट के माध्यम से विभिन्न आकृतियों को प्रदर्शित किया जा रहा है। मेला स्थल पर लगी बड़ी स्क्रीन पर भगवान श्रीराम से जुड़ी 3डी प्रस्तुति वाली लघु फिल्म दिखाई जा रही है। इसमें भगवान श्री राम के जीवन चरित्र और आदर्शों को दर्शाया जा रहा है। इसे देखकर मेला दर्शक भक्ति भाव से अभिभूत हो जाते हैं। rajim-kumbh-2024

योजनाओं की दी जा रही जानकारी

राजिम कुंभ में छत्तीसगढ़ सरकार की विभिन्न योजनाओं को लघु वीडियो के माध्यम से भी प्रदर्शित किया जा रहा है। जिसमें महत्वपूर्ण योजना महतारी वंदन योजना की जानकारी वीडियो के माध्यम से दी जा रही है। इस योजना में पेंशन प्राप्त करने वाली परित्यक्ता एवं विधवा महिलाओं सहित विवाहित महिलाएं भी शामिल हैं। साथ ही राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी जा रही है। इसके माध्यम से मेला घूमने आने वाले लोग छत्तीसगढ़ शासन की योजना का भरपूर लाभ उठाने के लिए जागरूक हो रहे हैं। इसी तरह मामा-भांजा मंदिर से लेकर लोमश ऋषि आश्रम तक लक्ष्मण झूला को रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया गया है, जो मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को आकर्षित कर रहा है। rajim-kumbh-2024 यह भी पढ़ेंः-Chhattisgarh: तय समय से पहले समाप्त हुआ बजट सत्र, 17 दिन चली सदन की कार्यवाही

करमा, ददरिया, देवार गीतों की शानदार प्रस्तुति

राजिम कुंभ कल्प-2024 के चौथे दिन मुख्य मंच पर करमा, ददरिया, देवार गीतों की शानदार प्रस्तुति हुई। हमर छत्तीसगढ़ लोक कलामंच के रोशन साहू ने ददरिया, करमा, देवार गीत के माध्यम से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। भावना टांक ने शास्त्री गायन के माध्यम से भगवान राम की महिमा को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया। भजन संध्या सुश्री गोपा सान्याल द्वारा प्रस्तुत की गयी, जिसमें गणेश वंदना के साथ भगवान श्री राम का स्मरण कर मंच सहित विशाल दर्शक दीर्घा को भक्तिमय माहौल में तब्दील कर दिया गया। (अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर(X) पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)