राजस्थान

राजस्थान भाजपा महिला मोर्चा ने गहलोत सरकार को कोसा, CM आवास का किया घेराव

rajasthan
 Rajasthan जयपुर: बीजेपी महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने बुधवार को राजस्थान की अशोक गहलोत सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया और थालियां बजाते हुए मुख्यमंत्री आवास की ओर मार्च किया। पुलिस ने सिविल लाइंस गेट पर बैरिकेडिंग लगाकर महिलाओं को रोक दिया। वहीं, महिला कार्यकर्ताओं ने बैरिकेड तोड़ने की कोशिश की। कार्यकर्ताओं और महिला पुलिस के बीच धक्का-मुक्की भी हुई, जिससे दो महिला कार्यकर्ता बेहोश हो गईं। बुधवार सुबह 11 बजे महिला कार्यकर्ता प्रदेश भाजपा मुख्यालय पर एकत्र हुईं। वहां एक सभा का आयोजन किया गया, जिसे महिला मोर्चा के पदाधिकारियों और प्रदेश भाजपा नेताओं ने संबोधित किया. इसके तुरंत बाद महिला कार्यकर्ता थालियां बजाते हुए सीएम आवास की ओर कूच कर गईं. महिलाओं को रोकने के लिए सिविल लाइंस गेट के सामने भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। महिला मोर्चा प्रभारी एवं सांसद दीया कुमारी ने कहा कि आज राजस्थान बलात्कार में नंबर वन है. लोग इसे राजस्थान की जगह रेपिस्थान भी कहने लगे हैं। यह हमारे लिए शर्म की बात है. कानून व्यवस्था राज्य सरकार की जिम्मेदारी है. गृह विभाग स्वयं मुख्यमंत्री के पास रहता है। लेकिन, वह साढ़े चार साल से अपनी कुर्सी बचाने की कोशिश कर रहे हैं। यह भी पढ़ें-दिल्ली में लूटपाट के बाद बुजुर्ग दंपत्ति की हत्या, पटना से गिरफ्तार हुआ आरोपी सांसद ने कहा, राज्य में महिलाएं सरकार से सुरक्षा की उम्मीद कर रही थीं जो उन्हें कभी नहीं मिली. उन्होंने कहा कि अब राज्य की महिलाओं ने इस सरकार को सबक सिखाने का मन बना लिया है. विरोध प्रदर्शन के दौरान दीया कुमारी को अन्य नेताओं के साथ हिरासत में लिया गया और बाद में रिहा कर दिया गया। वहीं युवाओं के मुद्दे पर बीजेपी 18 जुलाई को अजमेर में राज्य सरकार के खिलाफ बड़ा प्रदर्शन करेगी। इसमें पेपर लीक और बेरोजगारी के मुद्दे पर सरकार को घेरा जाएगा। (अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)