देश दिल्ली क्राइम

स्पा में काम करने वाली महिला के साथ गैंग रेप, मैनेजर सहित आरोपित गिरफ्तार

857017-rape

नई दिल्लीः राजधानी में महिलाओं की सुरक्षा अब राम भरोसे रह गई है। ताजा मामला उत्तर पश्चिम जिले के पीतमपुरा इलाके में ओसियन स्पा में काम करने वाली एक शादीशुदा महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म का सामने आया है। पीड़िता ने स्पा मैनेजर और एक ग्राहक पर नशीला पेय पदार्थ पिलाकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया। पीड़िता की शिकायत पर मौर्या एंक्लेव थाना पुलिस ने नशीला पेय पदार्थ पिलाकर छेड़छाड़ और सामूहिक दुष्कर्म करने का मामला दर्ज कर लिया। पुलिस ने मामले पर कार्रवाई करते हुए स्पा के मैनेजर और ग्राहक को गिरफ्तार कर लिया।

डीसीपी उषा रंगनानी ने शनिवार को बताया कि मालिक के पास एमसीडी का लाइसेंस है। एमसीडी को स्पा का लाइसेंस रद्द करने और परिसर को सील करने के लिए सूचित किया गया है। 4 अगस्त की रात 10 बजे पुलिस को पीतमपुरा स्थित ओसियन स्पा सेंटर में एक महिला से सामूहिक दुष्कर्म करने की शिकायत मिली। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। 22 साल की पीड़िता अपने पति के साथ स्पा के बाहर मौजूद थी।

पीड़िता ने बताया कि स्पा के मैनेजर और एक अन्य व्यक्ति ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया है। महिला ने बताया कि उसने 30 जुलाई को स्पा में काम करना शुरू किया था। 4 अगस्त को वह स्पा में थी। शाम 6 बजे एक व्यक्ति मैनेजर राहुल के साथ आया और यौन संबंध बनाने की मांग करने लगा। इस दौरान मैनेजर ने उसे शीतल पेय पदार्थ पीने के लिए दिया। जिसके पीने के बाद उसे बेहोशी आ गई। इस दौरान दोनों आरोपितों ने उसके साथ गलत काम किया। पीड़िता का आरोप है कि आरोपितों ने पैसे का प्रलोभन और धमकाकर उसपर शिकायत नहीं करने का दबाव बनाया।

पुलिस पीड़िता को तुरंत अस्पताल ले गई और उसका मेडिकल करवाया। जिसमें दुष्कर्म की पुष्टि हो गई। उसके बाद पुलिस ने दिल्ली महिला आयोग की काउंसलर को बुलाकर महिला की काउंसलिंग करवाई और पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया। पुलिस ने मामले की छानबीन कर स्पा मालिक ज्वाला कैंप निवासी राहुल और उसके निशानदेही पर दूसरे आरोपित निजामपुर निवासी सतीश कुमार को गिरफ्तार कर लिया।

स्पा में सरकारी दिशा निर्देश का हो रहा था उल्लंघन

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि स्पा को पश्चिम विहार निवासी बृज गोपाल अपने पार्टनर संदीप के साथ चलाते हैं। छानबीन में पुलिस को वहां कई तरह की गड़बड़ियां मिलीं। स्पा प्रबंधन की ओर से सरकारी दिशा-निर्देश का उल्लंघन किया जा रहा था। पुलिस ने इस बाबत सरकारी आदेश का उल्लंघन करने का मामला दर्ज कर लिया। पुलिस ने मामले पर कार्रवाई करते हुए स्पा मालिकों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि एमसीडी को स्पा का लाइसेंस रद्द करने और परिसर को सील करने के लिए सूचित किया गया है।

अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक औरट्विटरपर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें…