प्रदेश महाराष्ट्र

मुंबई में थम नहीं रहा खसरे का प्रकोप, 10 मासूमों की गई जान, 24 नए मरीज मिले

khasra_compressed

मुंबई: मुंबई के गोवंडी में खसरा से एक बच्ची की बीती रात मौत हो जाने से शहर में अब तक खसरा से 10 बच्चों की मौत हो गई है। मुंबई में इस समय 208 खसरा मरीजों का इलाज जारी है। नासिक जिले में खसरा के 4 संदिग्ध मरीज मिले हैं। साथ ही मालेगांव, भिवंडी में खसरा के मरीज मिलने से स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है। स्वास्थ्य मंत्री तानाजी सावंत ने मंगलवार को मुंबई सहित सभी जिलों में खसरा मरीजों का सर्वे करने का निर्देश दिया है।

जानकारी के अनुसार सोमवार मध्य रात्रि गोवंडी में खसरा से डेढ़ साल की बच्ची की मौत हो गई है। इससे मुंबई में खसरा से मरने वालों की संख्या बढ़ कर 10 हो गई है। इनमें से एक मौत मुंबई के बाहर भिवंडी से हुई है। गोवंडी में डेढ़ साल की बच्ची को 3 नवंबर को बुखार और खांसी हुई। इसके बाद 5 नवंबर को उसके शरीर पर दाने निकल आए। 11 नवंबर को उसकी हालत बिगड़ गई और अस्पताल में उसे गहन चिकित्सा इकाई (आईसीयू) में स्थानांतरित कर दिया गया था, जहां बीती रात बच्ची की मौत हो गई।

ये भी पढ़ें..दुल्हन न मिलने से परेशान हुए युवा किसान, तहसीलदार को सौंपा...

मुंबई में सोमवार को 24 नए मरीज मिले हैं। मुंबई के गोवंडी डिवीजन में सबसे ज्यादा 6 मरीज हैं। इसी तरह कुर्ला 5, अंधेरी ईस्ट 3, प्रभादेवी, गोरेगांव और कांदिवली संभाग में दो-दो मरीज मिले हैं, जबकि भायखला, माटुंगा, भांडुप, चेंबूर संभाग में एक-एक मरीज हैं। इस तरह मुंबई में खसरा मरीजों की संख्या बढ़ कर 208 हो गई है।

इस बीच मुंबई, मालेगांव के बाद नासिक में भी खसरे के 4 संदिग्ध मरीज मिलने से हड़कंप मच गया है। इन 4 संदिग्ध बच्चों के रक्त के नमूने परीक्षण के लिए मुंबई भेजे गए हैं। नासिक में खसरा का खतरा बढ़ने से स्वास्थ्य विभाग अलर्ट पर है। रिपोर्ट मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग शहर में सर्वे करेगा। इसके साथ ही स्वास्थ्य विभाग खसरा के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए खसरा का टीका हर जिले में उपलब्ध करवाए जाने का भी आदेश जारी किया है।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)