प्रदेश उत्तर प्रदेश Featured राजनीति

भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने अखिलेश पर लगाया आजमगढ़ की उपेक्षा का आरोप, कही यह बात

आजमगढ़ः भाजपा प्रत्याशी दिनेश लाल यादव ‘निरहुआ’ के चुनाव प्रचार व रोड शो में भाग लेने पहुंचे भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने सपा मुखिया अखिलेश यादव पर जमकर हमला बोला। मनोज तिवारी ने कहा कि यहां के सांसद अखिलेश यादव की संसद में उपस्थित नगण्य रही। आजमगढ़ के बारे एक भी बार कुछ नहीं बोले। वे संसद में राजा की तरह आते थे और चले जाते थे। भाजपा को कलाकारों की पार्टी बताने पर मनोज तिवारी ने कहा कि यह प्रो. रामगोपाल यादव जैसे नेता के मुख से कैसे निकल गया। ऐसा बोलने वाले रामगोपाल यादव अपने मूल के भगवान कृष्ण कन्हैया का अनादर कर रहे हैं और आज आजमगढ़ अपने दुर्भाग्य को हटाने के लिए तैयार हो रहा है। उन्होंने कहा कि अग्निपथ का विरोध राजनैतिक हो रहा है। पार्टी के जिला कार्यालय पर पहुंचे भाजपा सांसद व अभिनेता मनोज तिवारी ने कहा कि आजमगढ़ के सांसद जिनके भागने के कारण चुनाव हो रहा है।

मनोज तिवारी ने कहा कि जब से अखिलेश यादव आजमगढ़ के सांसद बने हैं, तब से उन्होंने आजमगढ़ से संबंधित एक भी प्रश्न चाहे वह तारांकित हो या अतारांकित, किया ही नहीं है। संसद में उपस्थित की स्थिति यह है कि वह राजा की तरह आते हैं और राजा की तरह जाते हैं। जैसे वह संसद पर अहसान करते हों। उनकी उपस्थिति मात्र 32 प्रतिशत है, जबकि उपस्थिति कम से कम 33 प्रतिशत होनी चाहिए। अगर आजमगढ़ कई सारी समस्याओं से जूझ रहा है उसका कारण यहां के सांसद अखिलेश भी हैं जिन्होंने एक भी सवाल संसद में नहीं रखा कि यहां यह समस्या है। मनोज तिवारी ने कहा कि यहां चुनौती है और इसके मूल में यहां के सांसद हैं। एक सांसद का अपनी क्षेत्र की जनता का अभिभावक होना जरूरी है। अगर वह शत्रु हो जाय तो उसका खामियाजा हमें भी भुगतना होगा। उन्होंने कहा कि हम आज वाराणसी से बाई रोड आजमगढ़ आ रहे थे तो लग रहा था, बाम्बे पूना रोड पर चल रहे है जो कि एनएच है। जो हमको करना था, हमने किया। तमाम केन्द्र की योजनाओं को जमीन पर उतारा। हमने अपना काम किया लेकिन जिसको इस क्षेत्र की चिंता करनी चाहिए थी, वह अपना तो नुकसान किया ही, भाजपा पर भी प्रश्नवाचक चिन्ह लगाने की कोशिश की। लेकिन केवल दो साल बचा हुआ है। हमारा दो साल का काम कैसे तीन साल पर भारी पड़ जायेगा, हम इसे करके दिखाएंगे। हमने आठ साल में 13 हजार 600 करोड़ रुपये सरकार से लेकर अपने संसदीय क्षेत्र में खर्च किया है। अखिलेश यादव तो बहुत बड़े नेता हैं । एक दिन भी बोल देते तो दो से पांच हजार करोड़ रुपये मिल जाते। वे पूर्व मुख्यमंत्री रहे हैं। इसलिए आजमगढ़ आज अपने दुर्भाग्य को हटाने के लिए तैयार हो रहा है।

ये भी पढ़ें..तेजस्वी यादव ने साधा निशाना, कहा-‘अग्निपक्ष’ शिक्षित युवाओं के लिए सेना...

सपा के प्रो.राम गोपाल वर्मा द्वारा भाजपा को कलाकारों की पार्टी और बुलडोजर पर सवाल खड़ा किये जाने पर मनोज तिवारी ने कहा कि जिस समाजवादी पार्टी के मूल में ही वंशी वाले हों, वह कितना भगवान कृष्ण का अनादर कर रहा है, यह समझ लीजिए। उन्होंने कहा कि रामगोपाल जैसे व्यक्ति के मुंख से ये शब्द कैसे निकला। अगर अबू आसिम आजमी कहते हैं तो समझा जा सकता है लेकिन जो कहते हैं कि हमारे मूल कन्हैया है जिनकी मुरली पर दुनिया झूमती थी आप उसी का अगर अनादर कर रहे हैं तो आपको आजमगढ़ की जनता जवाब देगी। पत्थरबाजी के सवाल पर मनोज तिवारी ने कहा कि साजिश करने वाले देश में है। हमारा और आपका युद्ध ऐसे ही लोगों से है। भारतीय जनता पार्टी की सरकार इसलिए है। ऐसे जहरीलों लोगों से निपटने के लिए योगी आदित्यनाथ हैं।

अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक औरट्विटरपर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें…