प्रदेश बिहार

पार्टी के ‘अर्थतंत्र’ को मजबूत करने में जुटी जदयू, 16 से चलेगा ‘सहयोग राशि संग्रह अभियान’

Patna: Janta Dal United National President RCP Singh addressing a press conference in Patna on Monday January 11,2021. (Photo: Indrajit Dey/IANS)

पटनाः बिहार में भारतीय जनता पार्टी के साथ सरकार चला रही जनता दल (युनाइटेड) अब ‘सहयोग राशि संग्रह अभियान’ के जरिए पार्टी के अर्थतंत्र को मजबूत करेगी। राज्य में यह अभियान 16 से 31 जुलाई तक चलाने का निर्णय लिया गया है। पिछले बिहार विधानसभा चुनाव में राज्य में तीसरे और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन में दूसरे नंबर की पार्टी बनने के बाद जदयू लगातार अपने कुनबे को बढ़ाने के लिए संगठनात्मक कार्यों में जुटी है। इस बीच अब पार्टी विस्तार के लिए धनसंग्रह भी किया जाना है।

जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने बताया कि जिलाध्यक्षों की दो दिवसीय हुई बैठक में पार्टी द्वारा 16 से 31 जुलाई तक ‘सहयोग राशि संग्रह अभियान’ चलाने का निर्णय लिया गया है। जदयू का मानना है कि इस राशि संग्रह से सांगठनिक कार्यो को विस्तार दिया जाएगा तथा साल 2024 के लोकसभा चुनाव और 2025 के बिहार विधानसभा चुनाव में इसे खर्च किया जा सकेगा। जदयू का मानना है कि पार्टी के मजबूती के लिए अर्थतंत्र मजबूत होना चाहिए। जदयू के एक नेता ने बताया कि सहयोग राशि संग्रह अभियान में, जदयू के मंत्रियों, सांसदों, विधायकों और विधान पार्षदों को लगाया जाएगा।

यह भी पढ़ेंःटीम इंडिया को झटका, चोटिल शुभमन पहले टेस्ट से रह सकते हैं बाहर

कुशवाहा ने कहा कि पार्टी की योजना सभी जिले में कार्यालय भवन बनवाने की है। उन्होंने कहा कि सहयोग राशि संग्रह अभियान की पूरी रूपरेखा तय कर ली गई है। इस अभियान के दौरान जदयू के 52 लाख सदस्यों से संपर्क किया जाएगा। पटना स्थित जदयू मुख्यालय में जिलाध्यक्षों की हुई बैठक में जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष आरसीपी सिंह ने कहा कि जदयू के पास कार्यकर्ताओं का एक बड़ा परिवार है। आने वाले वर्षों में लंबी दूरी तय करने के लिए पार्टी का अर्थतंत्र भी मजबूत होना जरूरी है। हमारे कार्यकर्ता हमारी वास्तविक संपत्ति हैं और वे पार्टी को आर्थिक रूप से भी मजबूत करेंगे।