Budget 2023: मोदी सरकार 2.0 का आज पेश होगा अंतिम पूर्ण बजट, देश को कई उम्मीदें

0
68
budget-2023

नई दिल्लीः मोदी सरकार 2.0 का आज (बुधवार ) को अंतिम पूर्ण बजट (Budget 2023) पेश होगा। केंद्रीय वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण लोकसभा में 2023-24 का आम बजट पेश करेंगी। अगले साल होने वाले आम चुनाव से पहले यह बजट प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सरकार का आखिरी पूर्ण बजट होगा। इस साल का बजट बहुत मायने रखता है, क्योंकि देश में अप्रैल-मई 2024 में अगला लोकसभा चुनाव होना है। संसद में पूर्वाह्न 11 बजे वित्तमंत्री अपना संबोधन देंगी। इस बजट पर सारी दुनिया की निगाहें हैं।

संसद में मंगलवार को पेश आर्थिक सर्वेक्षण 2022-23 का साफ संकेत है कि मोदी सरकार आर्थिक सुधारों की बड़े उपायों पर काम कर रही है। इन सुधारों में उद्योग जगत को लाइसेंस और इंस्पेक्टर राज से मुक्ति दिलाने पर खास जोर हो सकता है। इसमें प्रशासनिक सुधारों को लेकर कुछ बहुत ही महत्वपूर्ण कदम भी शामिल हो सकते हैं। यह उपाय भारत को विकासशील देशों की श्रेणी से निकालकर विकसित देशों की श्रेणी में रखने में मददगार साबित होंगे।

ये भी पढ़ें..दिल्ली दंगा 2020: कोर्ट ने  के 9 आरोपियों को किया बरी, शाहरुख पाठन ने कांस्टेबल में तानी थी पिस्तौल..

बजट से क्या चाहे आम आदमी

इस बजट को लेकर आम आदमी अपनी ख्वाहिशें जता रहा है। लोगों का कहना है कि ‘महंगाई और बेरोजगारी बहुत बढ़ गई है। पिछले 2 सालों से आम आदमी पर बोझ बढ़ा है। 2 साल से टैक्स रेट में कोई बदलाव नहीं किया गया है, इसबार आम आदमी को टैक्स में राहत मिल सकती है।’ बजट से किसानों को भी इस बार काफी उम्मीद लगाए हुए है। किसानों को आस है कि सरकार बजट 2023-24 में पीएम-किसान योजना के तहत किसानों को दी जाने वाली नकद सहायता को बढ़ाने का ऐलान हो सकता है। आम बजट में देश के युवाओं को ध्यान देते हुए सरकार रोजगार के मोर्चे पर बड़े ऐलान कर सकती है। देश में खाली पड़े लाखों सरकारी पदों को भरने के साथ ही PLI स्कीम में नए सेक्टर्स को जोड़ते हुए केंद्र रोजगार के नए मौके पैदा करने पर जोर दे सकती है।

पेपरलेस होगा बजट

पिछले दो वर्ष के आम बजट (Budget 2023) की तरह ही यह भी पेपरलेस होगा। इस बजट पर सारी दुनिया की निगाह लगी हुई है। वित्तमंत्री के बजट भाषण का संसद टीवी और दूरदर्शन पर लाइव प्रसारण होगा। बजट का लाइव टेलीकास्ट इनके यूट्यूब चैनल पर भी देखा जा सकता है। इसके अलावा पत्र सूचना कार्यालय भारत सरकार भी बजट 2023-24 की लाइव स्ट्रीमिंग अपने ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर करेगा। केंद्र सरकार के विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म, जैसे फेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर बजट का सीधा प्रसारण देखा जा सकेगा।

मोबाइल ऐप पर जाकर ले सकते है बजट की जानकारी

लोग बजट मोबाइल ऐप पर जाकर भी इसकी जानकारी हासिल कर सकते हैं। यह ऐप दो भाषाओं अंग्रेजी और हिंदी भाषा में है। यह एंड्रायड और आईओएस प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध है। इस ऐप को आम बजट के वेब पोर्टल www.indiabudget.gov.in पर जाकर डाउनलोड किया जा सकता है।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)