Featured दिल्ली राजनीति

MCD चुनाव से पहले AAP को बड़ा झटका, 3 पूर्व विधायक भाजपा में शामिल

AAP-legislators-join-BJP

नई दिल्लीः राजधानी दिल्ली में चार दिसम्बर को होने वाले नगर निगम (MCD) चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी (AAP) को बड़ा झटका लगा है। आप के तीन पूर्व विधायक भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गए। आप के पूर्व विधायक सुरेंद्र सिंह, राजू डिंगन और चौधरी फतेह सिंह दिल्ली भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता, पार्टी प्रवक्ता संबित पात्रा और दिल्ली भाजपा के पूर्व अध्यक्ष विजय गोयल की मौजूदगी में भगवा पार्टी में शामिल हुए।

ये भी पढ़ें..Toyota: टोयोटा किर्लोस्कर मोटर के वाइस चेयरमैन विक्रम किर्लोस्कर, 64 की उम्र में ली अंतिम सांस

आप में रहने के दौरान, सुरेंद्र सिंह (कमांडो) दिल्ली कैंट से विधायक थे। राजू धिंगान त्रिलोकपुरी निर्वाचन क्षेत्र से विधायक थे और चौधरी फतेह सिंह ने गोकलपुर का प्रतिनिधित्व किया था। आदेश गुप्ता ने कहा, "आज जो नेता भाजपा में शामिल हुए हैं, वे आप के दोहरे चरित्र से तंग आ चुके हैं .. उसकी कथनी और करनी में बहुत अंतर है। इनके शामिल होने से भाजपा को काफी ताकत मिलेगी।"

उन्होंने कहा, "भाजपा के लिए देश पहले और स्वयं अंतिम है, इसलिए देश सेवा करना भाजपा कार्यकर्ताओं का धर्म है।" संबित पात्रा ने कहा, "आप भ्रष्टाचार के दलदल में धंसी हुई है। वह एमसीडी चुनाव के बारे में बहुत बातें कर रही है, लेकिन हकीकत यह है कि आज उसके अपने कार्यकर्ता ही उसका साथ नहीं दे रहे। आप के भ्रष्टाचार का सबूत यह है कि उसके तीन पूर्व नेता भाजपा परिवार में शामिल हुए।"

इस मौके पर सुरेंद्र सिंह ने कहा, "सत्ता में आने से पहले अरविंद केजरीवाल भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ते रहे और सबसे कहते रहे कि जो भ्रष्टाचार करेगा, उसे जेल में डाला जाएगा। लेकिन आज केजरीवाल को बताना चाहिए कि उन्होंने आठ वर्ष में किसे जेल में डाला है।" सेवानिवृत्त सैन्यकर्मी सिंह ने आगे कहा, "सर्जिकल स्ट्राइक पर सवाल उठाना केजरीवाल की मानसिकता को दर्शाता है। उनका काम केवल कागजों पर है, जबकि जमीनी हकीकत बिल्कुल अलग है। (एमसीडी चुनावों में) एक भी उम्मीदवार ऐसा नहीं है, जिससे पैसा नहीं लिया।"

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)