अखिलेश यादव ने किये तीखे हमले, कहा-देश का सौदा करने में जुटी है भाजपा

123

कासगंजः समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी देश का सौदा करने में जुटी हुई है। अगर हालात ऐसे ही रहे तो एक बार फिर से हम और आप गुलाम होंगे। देश के प्रधानमंत्री ने सबसे बड़े आमदनी वाले रेल विभाग को बेच दिया है। इसी तरह कई विभागों को केंद्र सरकार समाप्त कर रही है, जिससे आरक्षण खत्म हो जाएगा। दलितों, पिछड़ों को सरकारी नौकरियां नहीं मिलेंगी। रोजगार के सभी रास्ते बंद हो जाएंगे।

अखिलेश यादव ने बारह पत्थर मैदान पर आयोजित किसान महापंचायत रैली को सम्बोधित करते हुए कहा कि देश की संस्कृति को भाजपा धूमिल कर रही है। अन्नदाता कहे जाने वाले किसान को आंतकवादी बताया जा रहा है। महिलाओं का शोषण हो रहा है। पूरे देश का कोई भी वर्ग ऐसा नहीं है जो भारतीय जनता पार्टी की कार्यप्रणाली से खुश हो। उन्होंने कहा कि भाजपा को उखाड़ फेंकने के लिए हमें मिलकर लड़ाई लड़नी होगी। मान-सम्मान, रोजगार, विकास की लड़ाई में आगे बढ़कर आना होगा। उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर अखिलेश यादव ने छोटे दलों के साथ तालमेल बनाए रखने के संकेत दिए हैं, तो वहीं राष्ट्रीय दलों से समझौता किए जाने को सिरे से नकार दिया है।

यह भी पढ़ेंःअहमदाबाद टी20 : दूसरे टी20 मुकाबले को जीतकर सीरीज बराबर करना…

कार्यकर्ताओं को आगाह करते हुए उन्होंने कहा कि चुनाव में भाजपा साजिश रच सकती है, हमले भी हो सकते हैं, हर हाल में सावधान रहने की आवश्यकता है। वहीं महानदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष केशव देव मौर्य ने कहा कि राजनीति में कई उतार चढ़ाव देखे हैं। पिछड़ों, दलितों की वकालत करने वाला कोई भी नहीं हैं। आने वाला समय महान दल एवं समाजवादी पार्टी का है। कार्यकर्ता चुनाव के लिए तैयार रहे।