प्रदेश दिल्ली क्राइम

नौकरी दिलवाने का झांसा देकर किशोरी के साथ दुष्कर्म, जानिए पूरा मामला

Minor Rape. (File Photo: IANS)

नई दिल्ली: आनंद बिहार इलाके में बढ़िया नौकरी दिलवाने का झांसा देकर एक शख्स ने 17 साल की किशोरी के साथ दुष्कर्म किया। वारदात के बाद किसी को कुछ भी बताने पर आरोपित ने पीड़िता से जान से मारने की धमकी दी। काफी समय बाद हिम्मत जुटाकर उसने अपनी दादी को सारी बात बताई, जिसके बाद पुलिस को खबर दी गई।

पुलिस ने पॉक्सो और दुष्कर्म का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू की। उधर घटना का पता चलने के बाद पीड़िता की दादी ने उसे घर साथ ले जाने से मना कर दिया। जिसके बाद चाइल्ड वेलफेयर कमेटी (सीडब्ल्यूसी) ने पीड़िता को अपनी कस्टडी में लेकर चिल्ड्रेन होम भेज दिया है। वारदात के बाद से आरोपित फरार है। पुलिस उसके घर गाजियाबाद के अलावा दूसरे स्थानों पर दबिश देकर उसकी तलाश कर रही है।

पुलिस के मुताबिक पीड़िता अपने छोटे भाई के साथ दादी के पास रहती है। कई साल पहले इसके माता-पिता की मौत हो चुकी थी। इसकी वजह से उसकी पढ़ाई भी छूट गई। दादी की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं थे। इस कारण लड़की को नौकरी करना पड़ी। नवंबर में एक जानकार के जरिये पीड़िता को गाजियाबाद के एक शख्स ने छोटे-मोटे काम के लिए अपने दफ्तर में रख लिया।

आरोपित उसे और अच्छी जगह नौकरी दिलवाने का झांसा देता था। आरोप है कि दो दिसंबर को आरोपित उसे कार में बिठाकर नौकरी लगवाने की बात कर ले गया। आनंद विहार में कार में कोल्डड्रिंक में नशीला पदार्थ देकर आरोपित ने उसके साथ दुष्कर्म किया। बाद में किसी को कुछ भी बताने पर जान से कारने की धमकी दी। पीड़िता ने डरने की वजह से किसी को कुछ नहीं बताया।

यह भी पढ़ेंः-यूपी में कोरोना संक्रमण में आ रही गिरावट, 31 जनवरी तक शत-प्रतिशत लोगों को लग जाएगी पहली डोज

10 जनवरी को किसी तरह हिम्मत जुटाकर उसने दादी को सारी बात बता दी। इसके बाद दादी उसे विवेक विहार थाने ले गई, जहां से उसे आनंद विहार थाने भेज दिया गया। पुलिस ने छानबीन के बाद मामला दर्ज कर लिया। कई दिन बाद बयान होने पर दादी ने किशोरी को अपने साथ ले जाने से मना कर दिया। इसके बाद कोर्ट से ही सीडब्ल्यूसी ने अपनी कस्टडी ले ली। अब सीडब्ल्यूसी किशोरी का ख्याल रख रही है।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर  पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें…)