देश मध्य प्रदेश लोकसभा चुनाव 2024

आटे तक के लिए तरस रहा आतंक का सप्लायर...पाकिस्तान पर PM मोदी का जोरदार प्रहार

blog_image_66225adcd0333

दमोहः प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Modi) ने मध्य प्रदेश की दमोह संसदीय सीट से भाजपा प्रत्याशी राहुल लोधी के समर्थन में इमलाई गांव के मैदान में आयोजित जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने अपना संबोधन बुंदेली भाषा में शुरू किया। इस दौरान उन्होंने पाकिस्तान का नाम लिए बिना हमला बोला।

दुनिया में बज रहा हिंदुस्तान का डंका 

पीएम मोदी ने कहा कि आज दुनिया के कई देशों में हालात बहुत खराब हैं। कई देश दिवालिया हो रहे हैं। हमारा एक पड़ोसी देश जो आतंक का सप्लायर था, वह अब आटे की सप्लाई के लिए तरस रहा है। ऐसे में हमारा भारत दुनिया में सबसे तेजी से विकास कर रहा है। दुनिया में भारत का परचम लहरा रहा है। अमेरिका और दुनिया भर में भारत की तारीफ हो रही है। ये आपके एक वोट की ताकत से हुआ है।

उन्होंने आगे कहा कि साल 2024 का चुनाव सिर्फ सांसद चुनने का चुनाव नहीं है, ये देश का चुनाव है, देश का भविष्य सुनिश्चित करने का चुनाव है। ये आने वाली पीढ़ी का भाग्य तय करने वाला चुनाव है, ये चुनाव आने वाले पांच साल में भारत को दुनिया की बड़ी ताकत बनाने का चुनाव है।

ये भी पढ़ेंः-पूर्व सीएम बोले- कंगना पर झूठा आरोप लगाने की सार्वजनिक क्षमा मांगें विक्रमादित्य

उन्होंने दुनिया के हालात का जिक्र करते हुए कहा कि दुनिया में युद्ध के बादल मंडरा रहे हैं। जब दुनिया में युद्ध का माहौल है और घटनाएं हो रही हैं तो भारत में युद्ध स्तर पर काम करने वाली सरकार बहुत जरूरी है। ऐसे समय में एक मजबूत सरकार होनी चाहिए, जो किसी भी परिस्थिति में भारत की रक्षा कर सके। यह काम पूर्ण बहुमत वाली भाजपा सरकार ही कर सकती है।

देश की भाजपा सरकार किसी ने नहीं डरती-मोदी

उन्होंने आगे कहा कि देश की जनता ने पिछले वर्षों में देखा है कि सरकार देश-विदेश में भारतीयों के हित में कैसे काम करती है। कोरोना का इतना बड़ा संकट आया, पूरी दुनिया में हाहाकार मच गया। भाजपा की मजबूत सरकार दुनिया भर से हर भारतीय को सुरक्षित वापस भारत लेकर आई। भाजपा ने करोड़ों परिवारों को मुफ्त राशन की सुविधा दी। भाजपा सरकार ने करोड़ों भारतीयों को मुफ्त वैक्सीन लगाई। आज देश में भाजपा की सरकार है जो न तो किसी से डरती है और न ही किसी के सामने झुकती है।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर(X) पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)