उत्तर प्रदेश राजनीति

हम पौष्टिक आटे के साथ मुफ्त डाटा भी देंगे...अखिलेश ने BJP के दावों पर उठाए सवाल

akhilesh-yadav

बदायूंः समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आदित्य यादव के समर्थन में बदायूं में चुनावी रैली को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि भाजपा के लोग संविधान और हमारी जान के पीछे पड़े हैं। वे संविधान को बदलना चाहते हैं। अखिलेश यादव ने कोविशील्ड वैक्सीन के 'साइड इफेक्ट' पर भी निशाना साधा। 

पौष्टिक आटे के साथ मुफ्त डाटा भी देंगे 

अखिलेश ने कहा कि जिन लोगों को वैक्सीन लग गई है, वे भी भाजपा के खिलाफ वोट देंगे। ये भाजपा वाले आपदा में अवसर देख रहे थे। भाजपा वाले कहते हैं कि 80 करोड़ लोगों को राशन बांटा गया। दूसरी तरफ वे कह रहे हैं कि हम लोगों को गरीबी रेखा से बाहर निकाल रहे हैं। अखिलेश यादव ने आगे कहा कि हम हम पौष्टिक आटा के साथ फ्री डाटा भी देंगे । उन्होंने कहा कि वे सदन में आरोप लगा रहे थे कि 46 में से 56 एसडीएम यादव बन गए, हमने कहा मुख्यमंत्री जी, वह सूची कहां है? मुझे बताएं कि उस दिन से आज तक कौन सी सूची जारी हुई? 

ये भी पढ़ेंः-जानें कौन हैं BJP प्रत्याशी दिनेश प्रताप सिंह जो रायबरेली से कांग्रेस को देंगे चुनौती

अगर वे  नेता जी होते तो चुनौतियां हवा में उड़ जातीं

वहीं शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि मुलायम सिंह यादव हमारे बीच नहीं हैं, अगर वे होते तो चुनौतियां हवा में उड़ जातीं। आप सभी को अखिलेश में नेताजी को देखना है और चुनौतियों का डटकर सामना करना है। 2019 में जब हमारे भतीजे धमेंद्र यादव चुनाव लड़ रहे थे तो स्ट्रांग रूम में तोता घुस गया था। इस बार स्ट्रांग रूम में तोते घुसेंगे नहीं, उड़ेंगे नहीं और गलती से घुस गए तो निकल नहीं पाएंगे।

आदित्य यादव ने कहा कि यह संविधान बचाने का चुनाव है। एक पार्टी का काम हो रहा है। विपक्ष पर दबाव बनाया जा रहा है। झूठे आरोपों में मुख्यमंत्रियों को जेल में डाला जा रहा है। सपा से नाराज चल रहे सलीम इकबाल शेरवानी और पूर्व विधायक आबिद रजा भी मंच पर नजर आए।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर(X) पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)