बिहार

नीतीश का लालू परिवार पर तंज, कहा- पति पत्नी के राज में बिहार हुआ बदहाल

blog_image_6622a9b289d3e

भागलपुर: भागलपुर के रंगरा प्रखंड के तिनटंगा में शुक्रवार को भागलपुर से जदयू प्रत्याशी अजय मंडल के प्रचार के लिए आयोजित चुनावी सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि हमने बिहार के विकास के लिए काम किया है। कुछ लोग अपनी पत्नी, बेटे और बेटी को आगे बढ़ा रहे हैं।

शाम होते ही लोग अपने घरों में कैद हो जाते थे-सीएम

मुख्यमंत्री ने कहा कि वे परेशानी पैदा कर रहे थे इसलिए उन्हें हटा दिया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि 2005 से पहले पति-पत्नी ने मिलकर 15 साल तक बिहार पर शासन किया था। उनके कार्यकाल में शाम होते ही लोग अपने घरों में कैद हो जाते थे। उस समय कहीं कोई सड़क नहीं थी। शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था बदहाल हुआ करती थी। मुख्यमंत्री ने कहा कि सबसे पहले हमने शिक्षा के क्षेत्र में काम किया। छात्राओं को स्कूल जाने के लिए पोशाक और साइकिलें दी गईं। इसके बाद सड़कों का निर्माण कराया गया। महिलाओं को ग्रेजुएशन पास करने पर सरकार की ओर से 50 हजार रुपये दिए जाते हैं।

ये भी पढ़ेंः-Lok Sabha Election 2024: दुनिया की सबसे छोटे कद वाली महिला ने किया मतदान

नगर निगम चुनाव में महिलाओं को 50% की आरक्षण दिया गया

सीएम ने कहा कि पंचायत चुनाव और नगर निगम चुनाव में महिलाओं को 50 फीसदी आरक्षण दिया गया। शिक्षकों और पुलिस की नौकरियों में भी आरक्षण दिया गया। स्वयं सहायता समूह को आगे बढ़ाने के लिए विश्व बैंक से ऋण लिया। इसका विस्तार कर जीविका नाम दिया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब इसे शहरी क्षेत्रों में भी लागू किया जायेगा। इससे महिलाओं के जीवन स्तर में काफी वृद्धि हुई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में हर माह 11 हजार लोगों का इलाज होता है।

मुख्यमंत्री ने 1989 में भागलपुर में हुए दंगों की चर्चा करते हुए कहा कि दंगों में अल्पसंख्यकों की क्या स्थिति थी। दंगों की जांच हुई और दोषियों को सजा मिली। प्रत्येक पीड़ित परिवार को 5,000 रुपये प्रति माह दिये जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि मदरसों को सरकारी बना दिया गया। कब्रिस्तान की घेराबंदी कर दी गयी। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब एक लाख और कब्रिस्तानों की घेराबंदी करायी जायेगी। मुख्यमंत्री ने 60 साल पुराने मंदिर के जीर्णोद्धार की बात कही।

कार्यक्रम में उदय कांत मिश्र, पूर्व मंत्री राज्यसभा सदस्य संजय झा, शिक्षा मंत्री सुनील कुमार, गोपालपुर विधानसभा विधायक गोपाल मंडल, बिहपुर विधानसभा विधायक इंजीनियर कुमार शैलेन्द्र, विधायक ललन पासवान, पूर्व सांसद शैलेश कुमार, राज्यसभा सदस्य कहकशां परवीन, पूर्व सांसद अनिल यादव, लोजपा जिलाध्यक्ष अवधेश पासवान, विपीन बिहारी सिंह, भोला मंडल साकेत बिहारी आदि मौजूद थे। गौरतलब है कि लोकसभा चुनाव 2024 के दूसरे चरण में भागलपुर में भी मतदान होना है।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर(X) पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)