प्रदेश बिहार Featured

ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए माइक्रो प्लानिंग से हो रहे कार्य : गिरीराज सिंह

fh8m_krvgayqpeg_385

अनुपपुर: केन्द्रीय ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों की आय के संसाधन बढ़ाने के लिए सरकार प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए माइक्रो प्लानिंग के साथ कार्य कराये जा रहे हैं। भारत के ग्रामीणों, कृषकों, महिलाओं की आर्थिक समृद्धि के लिए सतत प्रयास किये जा रहे हैं। ग्रामीण विकास की योजनाओं में बजट की उपलब्धता सुनिश्चित कराकर वार्षिक प्लान का बेहतर क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा रहा है।

केन्द्रीय मंत्री गिरीराज सिंह शुक्रवार को अनूपपुर जिले के पुष्पराजगढ़ के विश्राम गृह में मीडिया को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि ग्रामीण विकास विभाग की योजनाओं के तहत ग्रामीण सड़क का कार्य मनरेगा अंतर्गत हितग्राही मूलक योजनाओं का क्रियान्वयन तथा जल संरचनाओं के विस्तार के साथ ही महिलाओं को आजीविका मिशन के माध्यम से प्रगतिशील बनाने के कार्य किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि स्वामित्व योजनाओं के तहत ग्रामीण आबादी को अधिकार प्रमाण पत्र दिए जाने के लिए सर्वेक्षण की कार्यवाही की जा रही है। ग्रामीणों, कृषकों, समूह की महिलाओं को कृषि एवं अन्य स्वरोजगार मूलक गतिविधियों से जोड़कर आमदनी दोगुनी करने के कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि जिले में नवाचार के तहत पुष्पराजगढ़ के कोहका पूर्व में रुरबन मिशन प्रोजेक्ट पर बेहतर कार्य किया जा रहा है। एनआरएलएम के तहत 2024 तक 10 करोड़ महिलाओं को मिशन 01 लाख के तहत समृद्ध बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं। समूह की प्रत्येक महिलाओं की वार्षिक आमदनी एक लाख हो, यह सुनिश्चित करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि जिले में 10521 परिवारों की आमदनी एक लाख से ऊपर है, जो प्रशंसनीय है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण विकास के लिए बजट की कोई कमी नहीं होगी। आवश्यकता है कि ग्रामीण परिवारों की समृद्धि के लिए सशक्त प्रयास किए जाए जिससे वह स्वावलंबी बन सके।

स्थानीय कला एवं उत्पाद का अवलोकन

केंद्रीय राज मंत्री गिरिराज सिंह ने शुक्रवार को पुष्पराजगढ़ विकासखंड अंतर्गत कोहका पूर्व में रुरबन मिशन के अंतर्गत किए जा रहे कार्यों का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन जिला इकाई अनूपपुर द्वारा स्थानीय स्तर पर तैयार गोंडी पेंटिंग, काष्ठ कला, स्थानीय उत्पाद तथा आर्गेनिक खाद की प्रदर्शनी का अवलोकन किया तथा उत्पाद की जानकारी प्राप्त की।