पति की हत्या कर पत्नी ने फेसबुक पर डाली पोस्ट, फिर उठाया ये खौफनाक कदम

0
124

नई दिल्लीः दिल्ली के छतरपुर इलाके में 36 वर्षीय महिला ने पहले अपने पति की हत्या कर दी और फिर खुद की जान लेने की कोशिश की। महिला ने कथित तौर पर हत्या की जानकारी फेसबुक पर भी पोस्ट की थी इसके बाद पुलिस को घटना की सूचना दी गई। साथ ही अपार्टमेंट के मकान मालिक ने भी पुलिस को बताया कि दंपति दरवाजा नहीं खोल रहे थे और दरवाजा अंदर से बंद था। पति-पत्नी जेवीटीएस गार्डन छातापुर एक्सटेशन में रहते थे।

पुलिस ने जब दरवाजा खोला तो चिराग शर्मा (37) और उनकी पत्नी रेणुका (36) दोनों बेहोश मिले। चिराग खून से लथपथ था और रेणुका बिस्तर पर पड़ी थी। फर्श और दीवार पर खून फैला हुआ था। चिराग मूल रूप से हरियाणा के यमुनानगर और रेणुका मध्य प्रदेश के उज्जैन की रहने वाली थी। मार्च 2013 से वे दोनों बिल्डिंग की पहली मंजिल पर रह रहे थे।

डीसीपी साउथ दिल्ली के अतुल ठाकुर ने कहा चिराग मैक्स इंश्योरेंस में कॉरपोरेट सेल्स में काम करता था और रेणुका भी वहीं ऑपरेशंस डिपार्टमेंट में थी। उनका बच्चा नहीं है। प्रारंभिक पूछताछ में पता चला है कि पति-पत्नी में मतभेद थे।
मिली जानकारी के मुताबिक, छुट्टी होने के चलते दोनों घर पर थे। दोनों के बीच झगड़ा हुआ। बाद में चिराग अपने कमरे में जाकर सो गया। चिराग के सोने के कुछ देर बाद रेणुका ने घर की रसोई में मौजूद चाकू से उसपर वार कर दिया।

यह भी पढ़ेंः-श्मशान घाट हादसा: अब तक 25 लोगों की मौत, ईओ, जेई व सुपरवाइजर गिरफ्तार, ठेकेदार फरार

चिराग के बेसुध हो जाने के बाद रेणुका ने पूरी घटना फेसबुक पर लिखी और फिर एक सुसाइड नोट लिखकर उसी चाकू से खुद पर भी कई वार कर खुदकुशी करने की कोशिश की। वह गंभीर रूप से घायल हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने 37 वर्षीय चिराग शर्मा को मृत घोषित कर दिया, जबकि 36 वर्षीय पत्नी रेणुका शर्मा की हालत गंभीर बनी हुई है।