Featured दुनिया

मॉस्कोः आतंकी हमले में 60 लोगों की मौत, 100 से ज्यादा गंभीर

Moscow: रूस की राजधानी मॉस्को के क्रास्नोगोर्स्क शहर में क्रोकस सिटी हॉल (संगीत स्थल) पर हुए आतंकवादी हमले में 60 से अधिक लोगों की मौत हो गई। रूस की सरकारी समाचार एजेंसी तास के मुताबिक, हमला शुक्रवार शाम को हुआ।

बढ़ सकती है मृतकों की संख्या

टैस ने रूसी जांच एजेंसी के एक सूत्र के हवाले से कहा कि असॉल्ट राइफलों से लैस अज्ञात बंदूकधारियों ने क्रोकस सिटी हॉल पर धावा बोल दिया और गोलीबारी की। इस दौरान विस्फोट से इमारत हिल गई और आग लग गई। शुरुआती जांच में इस बात की पुष्टि हो गई है कि आतंकी हमले में 60 से ज्यादा लोग मारे गए हैं। मौतों की संख्या बढ़ने की आशंका है। अपराध स्थल की जांच रूसी जांच समिति के विशेषज्ञों ने आंतरिक मामलों के मंत्रालय और संघीय सुरक्षा सेवा की परिचालन इकाइयों के साथ मिलकर की।

सभी सामूहिक कार्यक्रम रद्द

क्रास्नोगोर्स्क शहर के स्वास्थ्य विभाग ने घायलों की सूची जारी की है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, क्रोकस सिटी हॉल पर आतंकवादी हमले के बाद मॉस्को समयानुसार सुबह 2:00 बजे तक 100 लोगों को मॉस्को के अस्पतालों में ले जाया गया। अस्पताल में भर्ती लोगों की स्थिति के बारे में विभाग ने कोई जानकारी नहीं दी है। इस बीच, मॉस्को के मेयर सर्गेई सोबयानिन ने अगले दो दिनों में राजधानी में सभी सामूहिक कार्यक्रम रद्द कर दिए हैं। यह भी पढ़ेंः-IPL 2024 CSK vs RCB: चेन्नई सुपर किंग्स ने धमाकेदार जीत के साथ किया आईपीएल 2024 का आगाज रूसी समाचार एजेंसी रशिया 24 ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि आग की वजह से कॉन्सर्ट हॉल की छत का एक हिस्सा ढह गया। घटना के बाद रूसी सुरक्षा बलों ने इलाके को घेर लिया है और आतंकियों की तलाश के लिए ऑपरेशन चलाया जा रहा है। क्रेमलिन ने कहा है कि हमले के तुरंत बाद राष्ट्रपति पुतिन को इसकी जानकारी दे दी गई थी। (अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर(X) पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)