धरती पर सुरक्षित लौटा स्टारलाइनर, क्या सच में अंतरिक्ष में फंस गईं सुनीता विलियम्स?

44
sunita-williams-not-return

वाशिंगटनः अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स (Sunita Williams) और उनके साथी बुश विल्मोर (Bush wilmore) को अंतरिक्ष स्टेशन ले जाने वाला अंतरिक्ष यान स्टारलाइनर-1 शनिवार को तीन महीने बाद धरती पर लौट आया। यह सुरक्षित उतर गया। यह अंतरिक्ष यान भारतीय समयानुसार तड़के साढ़े तीन बजे पहुंचा। यह न्यू मैक्सिको के व्हाइट सैंड स्पेस हार्बर (रेगिस्तान) में सुरक्षित उतरा। अमेरिकी-भारतीय नागरिक सुनीता विलियम्स अभी अंतरिक्ष में हैं।

तकनीकी कारणों की होगी जांच

अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा ने बताया कि अंतरिक्ष यान सुबह सवा नौ बजे धरती के वायुमंडल में दाखिल हुआ। इसके बाद इसकी गति बढ़कर करीब 2,735 किलोमीटर हो गई। उतरने से महज तीन मिनट पहले सुरक्षा के लिहाज से अंतरिक्ष यान के तीन पैराशूट भी खुल गए। नासा के लिए इस अंतरिक्ष यान का निर्माण बोइंग कंपनी ने किया है। इसके साथ सुनीता और बुच को पांच जून को भेजा गया था। यह सिर्फ आठ दिन का मिशन था। तकनीकी खराबी के कारण इसमें समय लगा, तकनीकी कारणों की जांच की जाएगी।

नासा ने पहले ही दी थी खाली यान लौटने की जानकारी

अंतरिक्ष यान में तकनीकी दिक्कतों और हीलियम गैस के रिसाव की जानकारी सामने आई थी। नासा ने 24 अगस्त को कहा था कि स्टारलाइनर में सुरक्षा संबंधी दिक्कतों के कारण बुच और सुनीता को धरती पर वापस नहीं लाया जाएगा। अंतरिक्ष यान खाली लौटेगा। सुनीता और बुच को एलन मस्क की कंपनी स्पेसएक्स के क्रू ड्रैगन अंतरिक्ष यान से वापस लाया जाएगा। अमेरिकी मीडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, नासा ने स्टारलाइनर की वापसी और इससे जुड़ी ताजा अपडेट दी है।

यह भी पढ़ेंः-Chandrayaan-3: सुनीता विलियम्स कर रहीं चंद्रयान-3 के लैंडिंग का बेसब्री से इंतजार, बोलीं-भारत के लिए चीयर कर रहे हैं..

पूरी जांच बाद ही किया जाएगा खुलासा

नासा के मैनेजर स्टीव स्टिच ने कहा कि स्टारलाइनर ने अच्छे से लैंडिंग की है। हमने इसे जांच के लिए भेज दिया है। हम जल्द ही बताएंगे कि अंतरिक्ष यान में किस वजह से खराबी आई। भले ही नासा और बोइंग के बीच दिक्कतें हैं, लेकिन दोनों मिलकर स्टारलाइनर की जांच करेंगे। स्टारलाइनर की सुरक्षित लैंडिंग के बाद स्पेस स्टेशन में मौजूद सुनीता विलियम्स ने खुशी जताई। उन्होंने टीम की तारीफ करते हुए कहा कि आप लोग सबसे अच्छे हैं। लैंडिंग कमांडर लॉरेन ब्रैंकी ने सोशल मीडिया पर लिखा है कि स्टारलाइनर सुरक्षित घर लौट आया। इसकी लैंडिंग कितनी शानदार रही।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर(X) पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)