देश

प्रदेश में दूसरे दिन भी हुई बारिश, पारा गिरा, बढ़ी ठंड

Ranchi Weather: मंगलवार को दूसरे दिन भी प्रदेश में झमाझम बारिश हुई। इससे तापमान में गिरावट आई है और ठंड का एहसास हो रहा है। मंगलवार दोपहर से ठंडी हवा चल रही है। रांची समेत राज्य के विभिन्न जिलों में गरज के साथ बारिश हुई। एक-दो स्थानों पर ओलावृष्टि भी दर्ज की गई। सबसे ज्यादा बारिश 38.2 मिमी रामगढ़ में दर्ज की गई। वहीं, गोड्डा 35.8 डिग्री के साथ सबसे गर्म जिला रहा। रांची जिला 16.2 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे ठंडा रहा। राज्य में अगले 2-3 दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में 3-4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई।

इन स्थानों पर भारी बारिश की संभावना

इस संबंध में रांची के मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि फिलहाल झारखंड में मौसमी सिस्टम बना हुआ है। इसका व्यापक असर देखने को मिला है। एक चक्रवाती लहर है, जो बंगाल की खाड़ी से नमी ला रही है। इसके साथ ही झारखंड से लेकर तटीय आंध्र प्रदेश तक एक टर्फ बनता है। इसका असर झारखंड के मौसम पर भी दिख रहा है। इसके प्रभाव से कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो रही है। साथ ही गरज और बिजली भी देखने को मिल रही है। इसके अलावा कुछ स्थानों पर भारी बारिश की भी संभावना है। यह भी पढ़ें-सेलम में दिखा पीएम मोदी का अनोखा अंदाज, मंच पर 11 शक्ति अम्माओं का हुआ सम्मान

मौसम विभाग ने क्या बताया

अभिषेक आनंद के मुताबिक बुधवार को राज्य के पश्चिमी, दक्षिणी, मध्य भाग जैसे गुमला, खूंटी, रांची, सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम में गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इस दौरान कुछ स्थानों पर 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ आंधी आने की भी संभावना है। इसे लेकर ब्लू अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, 21 मार्च को राज्य के उत्तर-पूर्वी, दक्षिण-पूर्वी और इससे सटे मध्य भागों में अलग-अलग स्थानों पर गरज के साथ हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है। मौसम वैज्ञानिक ने बताया कि 20 मार्च को पश्चिमी और दक्षिणी हिस्सों में अलग-अलग स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलेगी। इस दौरान आंधी-तूफान और बिजली गिरने की चेतावनी को देखते हुए लोगों से सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की गई है। साथ ही किसानों को मौसम साफ होने पर ही खेतों में जाने को कहा गया है।