महाराष्ट्र की बढ़ी रफ्तारः PM मोदी ने नागपुर मेट्रो-बालासाहब ठाकरे समृद्धि हाइवे का किया लोकार्पण

37

नागपुरः नागपुर मेट्रो रेल परियोजना के रिच -2 (सीताबर्डी से ऑटोमोटिव) और रिच – 4 (प्रजापतिनगर से सीताबर्डी इंटरचेंज) का रविवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने लोकार्पण किया। इन दोनों मार्ग पर अब यात्री सेवा प्रारंभ हो गई है। वहीं मेट्रो रेल फेज-1 परियोजना का शुभारंभ करने नागपुर पहुंचे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को बालासाहब ठाकरे समृद्धि हाइवे का भी उद्घाटन किया। उन्होंने वंदे भारत परियोजना का भी अवलोकन किया।

इस अवसर पर केन्द्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी, महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी, मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उप मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस प्रमुख रूप से मौजूद रहे। यह हाइवे महाराष्ट्र के 10 जिलों, 26 तहसीलों और 391 गांवों से गुजरेगा। इससे राज्य के विकास को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही औरंगाबाद से शिरडी जाने वाले यात्रियों को भी फायदा होगा। समृद्धि हाईवे के बनने से औरंगाबाद से शिरडी का सफर महज एक घंटे में पूरा होगा। औरंगाबाद और जालना जिले के साईं भक्तों की यात्रा अब कम समय लेने वाली और सुखद होगी। वहीं प्रजापतिनगर से लोकमान्यनगर तथा खापरी से ऑटोमोटिव चौक तक दोनों ओर से हर 15 मिनट के अंतराल में मेट्रो ट्रेन चलेगी। नागपुर मेट्रो के अधिकारियों के अनुसार शहर में सोमवार से प्रतिदिन सुबह 6 से रात 10 बजे के बीच नियमित मेट्रो उपलब्ध होगी। चारों लाइन पर मेट्रो सेवा प्रारंभ होने का लाभ यात्रियों को मिलेगा।

ये भी पढ़ें..नेपाल में सरकार गठन के लिए आरएसपी ने की समर्थन देने…

कुल 40 किलोमीटर लाइन पर मेट्रो सेवा शुरू होने से प्रजापति नगर से यात्री सीधे लोकमान्य नगर तथा सीताबर्डी इंटरचेंज से ट्रेन बदलकर खापरी अथवा ऑटोमोटिव मेट्रो मार्ग से इच्छित मेट्रो स्टेशन पर पहुंच सकते हैं। मेट्रो के माध्यम से मिहान, एम्स, एयरपोर्ट, एमआईडीसी, कलमना, पारडी आदि स्थानों पर बिना किसी रुकावट के आसानी से पहुंचा जा सकता है। यात्रियों की सुविधाओं के लिए फीडर सेवा ई-रिक्शा, ई-साइकिल की व्यवस्था की गई है। भीड़ से बचने के लिए महाकार्ड तथा ऐप की सहायता ली जा सकती है। महा कार्ड में यात्रियों को किराया में रियायत दी जा रही है। नागपुर मेट्रो चलने से लोगों में उत्साह है।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)