Pema Khandu Oath: पेमा खांडू फिर संभालेंगे अरुणाचल की बागडोर, लगातार तीसरी बार लेंगे सीएम पद की शपथ

82
pema-khandu-oath

Arunachal Pradesh CM Pema Khandu, ईटानगरः अरुणाचल प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधायक दल के नेता पेमा खांडू एक बार फिर प्रदेश की बागडोर संभालेंगे। राज्यपाल ले.ज. (सेवानिवृत्त) केटी परनायक उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे। इस बीच अरुणाचल प्रदेश में गुरुवार को नए मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण समारोह के लिए तैयारियां शुरू हो गई हैं। बुधवार को राजधानी ईटानगर में हुई बैठक में उन्हें भाजपा विधायक दल का नेता चुना गया था।

ये शपथ ग्रहण समारोह कल ईटानगर में राजभवन के दरबार हॉल में आयोजित किया जाएगा। पेमा खांडू शपथ ग्रहण समारोह में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह, असम समेत पूर्वोत्तर के चार मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा, त्रिपुरा के डॉ. माणिक साहा, नगालैंड के नेफ्यू रियो, मणिपुर के एन बीरेन सिंह समेत कई वीआईपी शामिल होंगे।

तीसरी बार भाजपा अकेले बहुमत से सत्ता में आई

गौरतलब है कि 60 सदस्यीय विधानसभा में तीन-चौथाई से अधिक सीटें जीतकर भाजपा ने स्पष्ट बहुमत हासिल किया है। चुनाव में भाजपा को 46, NPP को पांच, NCP को तीन, PPA को दो और कांग्रेस को एक सीट मिली है। मुख्यमंत्री पेमा खांडू के नेतृत्व में भाजपा ने इस बार अपना पिछला रिकॉर्ड तोड़कर इतिहास रच दिया है। राज्य में तीसरी बार भाजपा अकेले बहुमत से सत्ता में आई है।

ये भी पढ़ें..Chandrababu Naidu Oath: चंद्रबाबू नायडू चौथी बार बने आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री

पेमा खांडू लगातार तीसरी बार लेंगे CM पद की शपथ

बता दें कि पेमा खांडू (Pema Khandu) अरुणाचल के पूर्व मुख्यमंत्री दोरजी खांडू के बेटे हैं। साल 2016 में सीएम चुने जाने के बाद वह पूर्वोत्तर में बड़े नेता के तौर पर उभरे हैं। जब वह 2016 में देश के सबसे युवा मुख्यमंत्री चुने गए थे। सितंबर 2016 में खांडू ने कांग्रेस छोड़कर पीपुल्स पार्टी ऑफ अरुणाचल का दामन थाम लिया था। जबकि, इसी साल दिसंबर में वह भाजपा में शामिल हो गए।

वर्ष 2019 में खांडू ने दूसरी बार मुक्तो विधानसभा सीट से जीत हासिल की और बिना किसी राजनीतिक अड़चन के मुख्यमंत्री बने। हाल ही में हुए अरुणाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव में शानदार जीत हासिल कर भाजपा ने 60 सदस्यीय विधानसभा में 46 सीटें जीतकर लगातार तीसरी बार अरुणाचल प्रदेश की सत्ता में वापसी की है।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर(X) पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)