दुनिया

लंदन: NIA ने भारतीय उच्चायोग पर हमले के प्रमुख आरोपित को किया गिरफ्तार

nia-arrested-inderpal-singh-gaba

लंदन: राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने 2023 में ब्रिटेन में भारतीय उच्चायोग पर हुए हमले के मुख्य आरोपी इंद्रपाल सिंह गाबा को गिरफ्तार कर लिया है। गाबा पर 2023 में लंदन में भारतीय उच्चायोग पर हिंसक हमले और उसके बाद हुए विरोध प्रदर्शनों के दौरान गैरकानूनी कार्रवाई से संबंधित मामले में आरोप लगाया गया था।

एनआईए ने किया खुलासा

एनआईए के मुताबिक, ब्रिटेन के हाउंस्लो निवासी इंद्रपाल सिंह गाबा को 19 और 22 मार्च 2023 को विरोध प्रदर्शन के दौरान अवैध गतिविधियों को अंजाम देने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। जांच में पता चला कि 19 और 22 मार्च को लंदन में जो घटनाएं हुईं भारतीय दूतावासों और उसके अधिकारियों पर गंभीर हमले करने की एक बड़ी साजिश का हिस्सा थे। मार्च 2023 में लंदन में भारतीय उच्चायोग पर हमला खालिस्तान समर्थक अलगाववादी अमृतपाल सिंह के खिलाफ पंजाब पुलिस की कार्रवाई की प्रतिक्रिया में था।

पिछले साल 19 मार्च 2023 को लंदन में भारतीय उच्चायोग पर खालिस्तान समर्थक तत्वों ने हमला किया था। उस दिन उच्चायोग के सामने खालिस्तानी अलगाववादी आंदोलन से जुड़ा प्रदर्शन हुआ था। प्रदर्शन के दौरान करीब 50 अलगाववादी उच्चायोग परिसर में घुस गये थे। खालिस्तान समर्थक उपद्रवियों ने भारतीय ध्वज को उतार दिया था और उच्चायोग की इमारत में तोड़फोड़ की थी। हमले में अधिकारी भी घायल हुए हैं।

यह भी पढ़ेंः-आकाश आनंद बोले-हमारा वोटर हमारे साथ, इस बार BSP करेगी बेहतर प्रदर्शन

मिले हिंसा से जुड़े कई साक्ष्य

भारत के गृह मंत्रालय ने ब्रिटेन के गृह कार्यालय के प्रतिनिधियों से मुलाकात के बाद, अप्रैल में एनआईए ने दिल्ली पुलिस से मामले की जांच अपने हाथ में ले ली। एनआईए की टीम जांच के लिए ब्रिटेन पहुंची थी, जहां उसे प्रदर्शन और हिंसक हमले से जुड़े वीडियो मिले थे। आतंकवादी संगठन खालिस्तान लिबरेशन फोर्स (केएलएफ) के स्वयंभू प्रमुख अवतार सिंह खांडा को हमले का मास्टरमाइंड बताया गया था, जिनकी कुछ हफ्ते बाद बर्मिंघम के एक अस्पताल में मौत हो गई थी।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर(X) पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)