ब्रेकिंग न्यूज़ उत्तर प्रदेश लोकसभा चुनाव 2024

Lok Sabha Elections 2024: चुनावी रणनीति बनाने में जुटी प्रियंका, इलेक्शन वॉर-रूम तैयार

Priyanka-gandhi

Lok Sabha Elections 2024, रायबरेलीः प्रियंका गांधी वाड्रा की चुनावी रणनीति अब रायबरेली से तैयार होगी। इसके लिए उनके भुएमऊ स्थित घर में वॉर रूम तैयार किया जा रहा है। अब पांचवें चरण के चुनाव तक प्रियंका का आवास यहीं रहेगा और यहीं से वह प्रदेश समेत अन्य जगहों पर प्रचार के लिए जाएंगी। इन सभी प्रणालियों के सुचारु संचालन के लिए विशेषज्ञों की एक टीम भी रायबरेली पहुंच चुकी है और कंप्यूटर व अन्य हाईटेक सिस्टम से लैस चुनाव वॉर रूम तैयार किया गया है।

यहीं गुजारेंगी कई दिन

दरअसल, प्रियंका गांधी मंगलवार को रायबरेली और अमेठी में चुनाव संचालन के लिए रायबरेली पहुंच रही हैं। चुनाव व्यवस्थाओं का निरीक्षण करने के लिए उनके अगले कई दिनों तक यहां रहने की उम्मीद है। जिसके तहत प्रदेश भर में अन्य स्थानों पर उनकी चुनावी रैलियों और सभाओं की व्यवस्था की जाएगी। इसके साथ ही अन्य नेताओं के लोकसभा क्षेत्रों के लिए प्रचार कार्यक्रमों के संचालन और चुनाव व्यवस्थाओं की रूपरेखा भी इसी वॉर रूम से तैयार की जाएगी। कल प्रियंका गांधी के आगमन के बाद इन सभी तैयारियों में तेजी आएगी।

यह भी पढ़ेंः-Lok Sabha Chunav 2024: बसपा ने जौनपुर से बाहुबली धनंजय सिंह की पत्नी श्रीकला का टिकट काटा

एक्टिव कार्यकर्ताओं की बनेगी सूची

भुएमऊ स्थित इस वॉर रूम की जिम्मेदारी तेलंगाना से आए सुनील कोनुगोलू संभाल रहे हैं जो राष्ट्रीय प्रचार समिति के अहम सदस्य हैं। उनके साथ एक टीम भी आई है। रायबरेली से राहुल गांधी के प्रचार की जिम्मेदारी भी उन्हीं के कंधों पर है। बूथ स्तर तक सक्रिय कार्यकर्ताओं की सूची बनाई गई है, जिनसे प्रबंधन टीम लगातार समन्वय कर रही है। इस सूची में पुराने और नये कांग्रेस कार्यकर्ताओं को जोड़ा जा रहा है। प्रियंका इंडिया गठबंधन के साथ बेहतर समन्वय के लिए सभी दलों के नेताओं के साथ बैठक भी करेंगी। गौरतलब है कि प्रियंका के आने से पहले ही सभी बैठकों और कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार कर ली गई है और उनके आने के बाद इसे मूर्त रूप देने का काम शुरू हो जाएगा।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर(X) पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)