प्रदेश उत्तर प्रदेश Featured राजनीति

मायावती ने योगी सरकार की कार्यप्रणाली पर उठाये सवाल, बोलीं-इन्हें एक जाति विशेष में ही नजर आते हैं गुंडे, माफिया

वाराणसीः प्रदेश विधानसभा चुनाव के सातवें और अन्तिम चरण के चुनाव प्रचार में गुरूवार को वाराणसी आई बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष और प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने समाजवादी पार्टी के साथ कांग्रेस और भाजपा पर जमकर निशाना साधा। चिरईगांव संदहा में आयोजित चुनावी जनसभा में बसपा मुखिया ने कहा कि सपा सरकार में पूरे प्रदेश में गुंडों, माफियाओं का राज हो गया था। विकास के कार्य भी एक विशेष क्षेत्र तक सीमित रह गये। भाजपा को निशाने पर लेकर कहा कि भाजपा की सरकार बनी तो लगा था कि सपा सरकार के फैसलों को बदला जाएगा, मगर ऐसा नही हुआ। उन्होंने कहा कि भाजपा का बुलडोजर जाति विशेष पर चला।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि इन्हें सिर्फ मुस्लिम, ब्राह्मण और दलितों में गुंडे, माफिया नजर आते हैं और उनके घरों और संपत्ति को उजाड़ते हैं, जबकि एक जाति पर इनकी नहीं चलती, उन्हें संरक्षण दिया जाता है। मायावती ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को फिर से मठ में भेजने का आह्वान कर कहा कि बसपा सत्ता में लौटी उन खास जाति के माफियाओं के घरों पर बुलडोजर चलेंगे। कांग्रेस को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि बसपा संस्थापक कांशीराम के निधन पर तत्कालीन केंद्र की कांग्रेस सरकार ने एक दिन का भी राष्ट्रीय शोक नहीं रखा था।

ये भी पढ़ें..IND vs SL: रोहित शर्मा ने कोहली की तारीफ में पढ़े...

उन्होंने अपने कार्यकाल का उल्लेखकर कहा कि अकेले दम पर प्रदेश के सभी सीटों पर सरकार बनाने के लिए चुनाव लड़ रहे है। भाजपा को सत्ता में आने से रोकने के लिए पार्टी के प्रत्याशियों की जीताने की अपील कर मायावती ने कहा कि मीडिया के सर्वे और रिपोर्ट पर भरोसा न करें। हम फिर से सत्ता में लौट रहे हैं। बसपा सुप्रीमो ने कहा कि हमारी पार्टी सत्ता में लौटी तो सर्वजन हिताय सर्वजन सुखाय की तर्ज पर विकास कार्यों को पूरा कराया जाएगा। सपा और भाजपा ने जिन विकास कार्यों को अधूरा छोड़ा या उन्हें बंद कर दिया, उन्हें बसपा फिर से शुरू करेगी।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर  पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें…)