Farmer Protest: 16 फरवरी को भारत बंद का ऐलान, प्रशासन सख्त

5

Farmer Protest, हिसार: किसान आंदोलन और 16 फरवरी को प्रस्तावित भारत बंद को देखते हुए जिला प्रशासन सतर्क हो गया है। प्रशासन ने जनता से कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की है और जनता से आंदोलन और प्रदर्शन का हिस्सा नहीं बनने की अपील की है। उपायुक्त उत्तम सिंह व पुलिस अधीक्षक मोहित हांडा ने बुधवार को जिले के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा किया। उन्होंने कहा कि प्रशासन हर व्यक्ति की सुरक्षा के लिए पूरी सजगता से काम कर रहा है। नागरिकों को भी ऐसे किसी भी कार्यक्रम में भाग नहीं लेना चाहिए, जिससे प्रशासन व आम जनता को परेशानी का सामना करना पड़े।

आम जनता से की अपील

उपायुक्त ने कहा कि जिले में धारा 144 लागू है। किसी भी स्थान पर अनावश्यक हस्तक्षेप, जमावड़ा, हथियार, लाठी, रॉड आदि लेकर चलने और पांच या अधिक लोगों के समूह में लोगों के घूमने पर प्रतिबंध है। आदेशों का उल्लंघन करने वालों से भारतीय दंड संहिता के अनुसार सख्ती से निपटा जाएगा। उपद्रवियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आम जनता से किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न देने की अपील करते हुए कहा कि जारी आदेशों का पालन करें और कोई भी व्यक्ति कानून को अपने हाथ में न ले। प्रशासन शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने में पूरी तरह सक्षम है।

सुरक्षा चौकियों का किया निरीक्षण

बुधवार को भी उपायुक्त उत्तम सिंह ने पुलिस अधीक्षक मोहित हांडा और मकसूद अहमद के साथ जिले की सीमाओं और अंदरूनी हिस्सों पर स्थापित चौकियों का जायजा लिया। उन्होंने वहां तैनात ड्यूटी मजिस्ट्रेट, पुलिस बल व सीआरपीएफ जवानों को आवश्यक निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि आंदोलन को देखते हुए सभी जवान पूरी तरह अलर्ट रहें ताकि कोई अप्रिय घटना न हो। नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और जान-माल के नुकसान को रोकना जिला प्रशासन की जिम्मेदारी है।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर(X) पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)