कोंकण महोत्सव में युवाओं को सीएम शिंदे ने दिलाया भरोसा, बोले- स्थानीय लोगों को देंगे रोजगार

0
37

मुंबई: महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कोंकण के युवाओं को आश्वस्त किया है उन्हें कोंकण में ही रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा। इसके लिए पर्यटन विकास सहित विभिन्न क्षेत्रीय उद्योगों को बढ़ावा देकर कोंकण का पर्यावरणपूरक शाश्वत विकास करने के लिए सभी आवश्यक उपाययोजनाएं की जाएंगी। मुख्यमंत्री शिंदे ने मंगलवार को कोंकण भूमि प्रतिष्ठान के ”मी मुंबई अभियान” के अंतर्गत स्वराज्य भूमि कोकण महोत्सव का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, स्कूली शिक्षा मंत्री दीपक केसरकर सहित कई गणमान्य उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि समृद्धि महामार्ग की तरह क्या कोंकण में ग्रीनफिल्ड सड़क बनाई जा सकती है, इस पर काम जारी है। इसके लिए स्थानीय लोगों के हितों की परियोजनाओं को स्वीकार किया जाए। मुंबई के गोरेगांव में स्थित नेस्को सेंटर में आयोजित यह महोत्सव चार दिनों तक चलेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस महोत्सव के जरिए कोकण के विकास को दिशा और गति देने का काम किया जा रहा है।

पर्यटन समेत काजू, आम व मछली पालन को बढ़ावा-

प्राकृतिक सौन्दर्य से घिरे कोकण में पर्यटन के माध्यम से विकास के अपार अवसर हैं। काजू, आम, मछली पालन समेत स्थानीय लोगों को रोजगार देने वाले उद्योगों को बढ़ावा दिया जाएगा। कोकण के गौरव को बनाए रखना सभी का कर्तव्य है। इसे ध्यान में रखते हुए कोकण के लिए विभिन्न पर्यावरण अनुकूल योजनाओं, परियोजनाओं और उपक्रमों को बढ़ावा दिया जाएगा। बदलते मौसम के कारण कोकण तट को भारी नुकसान हुआ है। इससे उबरने की ताकत देने के साथ ही स्थानीय उद्यमियों की समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि बारिश के बहते पानी को रोकने के उपाय किए जाएंगे। उन्होंने आश्वासन दिया कि वे युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराकर कोकण का चहुंमुखी विकास करेंगे।

ये भी पढ़ें..प्रशांत किशोर बोले- हमने जिस दल का हाथ पकड़ा वो जीता,…

कोंकण नवरत्नों की खान: उपमुख्यमंत्री फडणवीस

उपमुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि कोकण नवरत्नों की खान है। स्वराज्य भूमि का कोंकण महोत्सव के माध्यम से कोंकण की कला, संस्कृति और विविध खाद्य संस्कृति का दर्शन हो रहा है और आने वाले वर्षों में बेहतर और पर्यावरण के अनुकूल योजनाओं को लागू किया जाएगा। ”कोंकण का आम मीठा या लोग” यह सवाल उठता है, इन शब्दों में फडणवीस ने कोंकणी के लोगों के सीधे स्वभाव की सराहना करते हुए कहा कि सरकार बंदरगाहों, मछली पकड़ने, विभिन्न उद्योगों, पर्यटन के विकास के साथ स्थानीय लोगों के जीवन स्तर को ऊपर उठाने के लिए प्रतिबद्ध है। यह महोत्सव यानी कोकण की समृद्धि और विकास के लिए आवश्यक व्यक्तियों का एकत्रित सम्मेलन है और राज्य सरकार कोकण के पीछे मजबूती के साथ खड़ी है।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)