Himachal Pradesh: CM ने किया अखंड पाठ का शुभारंभ, 22 जनवरी को अवकाश की घोषणा

9

शिमला (Himachal Pradesh): मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने रविवार को शिमला के राम मंदिर में 24 घंटे के अखंड पाठ का दीप प्रज्वलित कर उद्घाटन किया। यह अखंड पाठ सोमवार को सुबह 10 बजे पूर्ण होगा। उन्होंने मंदिर में माथा टेका और प्रदेश की खुशहाली की कामना की। उन्होंने 22 जनवरी को अयोध्या में रामलला की मूर्ति की प्रतिष्ठा कार्यक्रम के अवसर पर राज्य में सार्वजनिक अवकाश की घोषणा की।

पत्रकारों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान राम हमारे आदर्श हैं और आज राम मंदिर शिमला में अखंड पाठ शुरू किया गया है। उन्होंने कहा कि भगवान राम किसी पार्टी विशेष के नहीं हैं, बल्कि राम पूरे देश के आदर्श हैं और हमारी संस्कृति का आधार हैं। उन्होंने सभी से भगवान राम के दिखाए आदर्शों पर चलने की अपील की है।

ये भी पढ़ें: Himachal To Ayodhya Train: हिमाचल से अयोध्या को चलेगी आस्था एक्सप्रेस, जानें समय व किराया

घरों में दीये जलाने की अपील

ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि सोमवार को अयोध्या में रामलला की प्रतिष्ठा का कार्यक्रम आयोजित किया गया है और इस अवसर पर वह अपने घर में दीपक जलाएंगे। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि वह भविष्य में अयोध्या जाकर भगवान राम का आशीर्वाद लेंगे। उन्होंने सभी लोगों से कल अपने घरों में दीपक जलाने और भगवान राम के मूल्यों और आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने की भी अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान राम के बिना हनुमान जी अधूरे हैं, इसलिए सूद सभा के प्रस्ताव के अनुसार जाखू में हनुमान जी की मूर्ति के साथ भगवान राम की मूर्ति भी स्थापित की जाएगी।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर(X) पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)