बिहार Featured

बिहार में श्रद्धालुओं से भरी बस पलटी, हादसे में 35 लोग घायल, 9 की हालत गंभीर

दुमकाः बिहार के दुमका में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब श्रद्धाओं से भरी बस पलट गई। इस हादसे में 35 लोग घायल हो गए जबकि 9 लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है। हादसा जरमुंडी थाना क्षेत्र के जमुआ-दुधानी के बीच एनएच-114 ए पर हुआ। इसमें बस में सवार कुल 35 यात्री घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल नौ यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए फूलो-झानो मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है। घटना सोमवार रात की है। बताया जाता है कि सभी यात्री बिहार के नालंदा जिले के अस्थमा गांव के रहने वाले हैं। यह बाबा बासुकीनाथ की पूजा कर लौट रहे थे।

ये भी पढ़ें..मन्नत पूरी होने पर मां भवानी के दरबार पहुंची युवती, फिर जो हुआ उसे देख श्रद्धालु रह गये हैरान

बताया जा रहा है कि लंबे समय से वाहन चलाने के कारण ड्राइवर थक गया था। बस वापस लेकर लौटने के दौरान उसको झपकी आ गई और वाहन का एक चक्का गड्ढे में चला गया। इससे बस अनियंत्रित होकर पलट गई। इसके बाद कुछ यात्री खुद बाहर निकले। घटना की जानकारी मिलने के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को बाहर निकाला। बाद में लोगों ने स्थानीय विधायक सह कृषि मंत्री बादल पत्रलेख को मामले की सूचना दी। मंत्री के निर्देश पर अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंची। सभी घायलों को दुर्घटना स्थल से उठाकर इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं घायलों को बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया। दुर्घटना के बाद घायलों के परिजनों को इसकी सूचना दी गई। मंगलवार सुबह घायलों के परिजन अस्पताल पहुंच गए हैं।

मौके पर जरमुंडी बीडीओ फुलेश्वर मुर्मू, जरमुंडी सीओ राजकुमार प्रसाद, बासुकीनाथ नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी आशुतोष ओझा, उपाध्यक्ष अमित कुमार साह उर्फ छोटू साह भी मौजूद थे। वहीं जरमुंडी बीडीओ फुलेश्वर मुर्मू, जरमुंडी सीओ राजकुमार प्रसाद, बासुकीनाथ नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी आशुतोष ओझा द्वारा ठंड से बचाव के लिए सभी घायलों को कंबल दिया गया। हादसे के बाद पुलिस ने बिहार के नालंदा जिले की पुलिस से संपर्क साध घटना की जानकारी दी।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर  पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें…)