प्रदेश Featured टॉप न्यूज़

विधायक टी राजा सिंह को भाजपा ने किया सस्पेंड, नोटिस जारी कर मांगा जवाब


नई दिल्ली : भाजपा ने मंगलवार को अपने तेलंगाना विधायक टी. राजा सिंह को पैगंबर मोहम्मद के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी करने के आरोप में निलंबित कर दिया। सिंह को लिखे पत्र में, भाजपा केंद्रीय अनुशासन समिति के सदस्य सचिव ओम पाठक ने कहा, "आपने विभिन्न मामलों पर पार्टी की स्थिति के विपरीत विचार व्यक्त किए हैं, जो स्पष्ट रूप से भारतीय जनता पार्टी के संविधान के नियमों का उल्लंघन है।"

उन्होंने पत्र में लिखा, "मुझे आपको यह बताने के लिए निर्देशित किया गया है कि आगे की जांच के लिए, आपको तत्काल प्रभाव से पार्टी से और आपकी जिम्मेदारियों/असाइनमेंट से निलंबित किया जाता है।" पाठक ने आगे लिखा, "कृपया इस नोटिस की तारीख से 10 दिनों के भीतर कारण भी बताएं कि आपको पार्टी से क्यों न निकाला जाए? आपका विस्तृत जवाब 2 सितंबर से पहले अधोहस्ताक्षरी (संबंधित व्यक्ति) के पास पहुंच जाना चाहिए।"

ये भी पढ़ें..राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ का लोगो और टैगलाइन जारी,...

इससे पहले दिन में, हैदराबाद पुलिस ने विवादास्पद भाजपा विधायक को पैगंबर मोहम्मद के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी करने के आरोप में गिरफ्तार किया था। तेलंगाना विधान सभा के सदस्य को हैदराबाद के कुछ हिस्सों में मुसलमानों के भारी विरोध के बाद गिरफ्तार किया गया था, जब उन्होंने फेसबुक पर अपमानजनक टिप्पणी करते हुए एक वीडियो अपलोड किया था। पुलिस ने गोशामहल निर्वाचन क्षेत्र के विधायक के खिलाफ दबीरपुरा थाने में मामला दर्ज किया है। उन पर धर्म के आधार पर विभिन्न समूहों के बीच दुश्मनी को बढ़ावा देने का मामला दर्ज किया गया है।

कॉमेडियन मुनव्वर फारुकी के शो को बाधित करने की धमकी देने के आरोप में सिंह को पिछले शनिवार को एहतियातन हिरासत में ले लिया गया था। कड़ी सुरक्षा के बीच कॉमेडियन का शो आयोजित किया गया। सिंह अन्य धर्मों के खिलाफ भड़काऊ भाषण और अपमानजनक टिप्पणी करने के लिए जाने जाते हैं। जून में, सूफी संत हजरत ख्वाजा मोइनुद्दीन चिश्ती के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने के लिए उनके खिलाफ मामला दर्ज किया गया था।

अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक औरट्विटरपर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें…