दिल्ली Featured

कांग्रेस के घोषणा पत्र के खिलाफ बीजेपी का हल्ला बोल, महिला मोर्चा ने निकाला मार्च

delhi-news

नई दिल्ली: कांग्रेस के घोषणा पत्र को लेकर बीजेपी ने मोर्चा खोल दिया है। दिल्ली में बीजेपी महिला मोर्चा ने बुधवार को जैसलमेर हाउस से अकबर रोड तक मार्च निकाला और कांग्रेस पार्टी मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। इस दौरान दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष और अन्य नेता मौजूद रहे।

बड़े-बड़े बैनर लिए महिलाओं ने किया प्रदर्शन

महिला मोर्चा ने अपने हाथों में बड़े-बड़े बैनर और पोस्टर ले रखे थे, जिन पर लिखा था- कांग्रेस की तुष्टीकरण नीति का विरोध। महिलाओं के बैनर पोस्टर में यह भी लिखा था- महिलाओं को मंगलसूत्र बचाना है और कांग्रेस को हराना है। इस प्रदर्शन में बीजेपी महिला मोर्चा की महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। बड़ी संख्या में महिला मोर्चा की सदस्य जैसलमेर हाउस से मार्च करते हुए अकबर रोड स्थित कांग्रेस मुख्यालय के पास पहुंचीं और जमकर विरोध प्रदर्शन किया।

यह भी पढ़ें-नीतीश कुमार का बीमा भारती पर तंज, बोले- उन्हें बोलना नहीं आता, राजनीति के दांव-पेंच हमने सिखाएं

इस बीच, दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा, ''कांग्रेस के घोषणापत्र में 'स्त्री धन' पर हमला देश के बहुसंख्यक समाज पर सीधा हमला है। मैं उनसे पूछना चाहता हूं कि उन्होंने अपने घोषणापत्र में लिखा है कि अगर वे सत्ता में आओ, देश का आर्थिक सर्वेक्षण कराओगे क्या इस देश में हिंदू होना अपराध है? कांग्रेस यह संपत्ति किसे देना चाहती है?

प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने लिया हिरासत में

महिला मोर्चा का यह प्रदर्शन करीब साढ़े 11 बजे जैसलमेर हाउस मान सिंह रोड से शुरू हुआ। इस प्रदर्शन को रोकने के लिए दिल्ली पुलिस ने दो बैरिकेड्स लगाए थे, जिनमें से एक को प्रदर्शनकारियों ने तोड़ दिया और आगे बढ़ गए। पुलिस ने कांग्रेस मुख्यालय से ठीक पहले दूसरा बैरिकेड लगाया था। जहां दिल्ली पुलिस ने सभी को रोका और प्रदर्शन के बाद हिरासत में ले लिया। महिला मोर्चा का यह प्रदर्शन करीब एक बजे तक जारी रहा।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर(X) पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)