Featured पंजाब

Amritsar: BSF जवान ने 4 साथियों की हत्या कर खुद को मारी गोली, इसलिए उठाया यह खौफनाक कदम

चंडीगढ़ः पंजाब के अमृतसर में सीमा सुरक्षाबल (बीएसएफ) के खासा मुख्यालय में जवान ने ताबड़तोड़ गोलीबारी कर अपने चार साथियों को मौत के घाट उतार दिया। जवान ने बाद में खुद को भी गोली मारकर आत्महत्या कर ली। यह वारदात रविवार सुबह की है। आरोप है कि जवान से पिछले कुछ दिनों से लगातार ड्यूटी ली जा रही थी। इस वजह से उसका मानसिक संतुलन बिगड़ गया था। इस मसले पर शनिवार शाम उसकी बीएसएफ के एक अधिकारी से बहस भी हुई थी। रविवार सुबह जवान ने ड्यूटी के दौरान अपनी राइफल से गोली चलानी शुरू कर दी। आरोपित की पहचान महाराष्ट्र के सुतप्पा के रूप में हुई है।

ये भी पढ़ें..लाडली बेटी जान्हवी के बर्थडे पर पिता बोनी कपूर ने प्यारी सी तस्वीर शेयर कर गिनाईं खूबियां

गोली चलने की आवाज सुनकर अन्य जवानों ने इधर-उधर भागना शुरू कर दिया। इस दौरान नौ जवानों को गोली लगी। घायल दो जवानों ने मौके पर दम तोड़ दिया। इनमें छह जवान गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें निजी अस्पताल ले जाया गया। मगर अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में दो अन्य जवानों की मौत हो गई। अब तक कुल पांच जवानों की मौत हो चुकी है। जबकि 10 जवान घायल बताए जा रहें हैं। उधर घटना की सूचना मिलते ही बीएसएफ और पुलिस के आलाधिकारी मौके पर पहुंचे।

हालांकि इस मामले में अभी अधिकारी भी कुछ कहने को तैयार नहीं हैं। शवों को अस्पताल की मोर्चरी में रखा गया है, जबकि घायल जवानों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। मृतकों के परिजनों को घटना के बारे में सूचित किया जा रहा है। जबकि बीएसएफ के आलाधिकारी मौके पर मौजूद हैं और पूरी घटना का जायजा ले रहे हैं। इस मामले में बीएसएफ के अधिकारियों से संपर्क करने की कोशिश की गई लेकिन वे उपलब्ध नहीं हो पाए। मीडिया कर्मियों को भी अभी परिसर में जाने की इजाजत नहीं है और अस्पताल के बाहर भी पुलिस का कड़ा पहरा है जहां पर घायल जवानों का उपचार चल रहा है।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर  पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें…)