Featured दुनिया

पाकिस्तान में वातानुकूलित बस बनी आग का गोला, आठ बच्चों समेत 18 लोग जिंदा जले

इस्लामाबादः सिंध प्रांत में एक वातानुकूलित बस में आग लग जाने से बाढ़ राहत शिविर से वापस अपने घर जा रहे 18 लोग जिंदा जल गए। इस हादसे में दर्जनों लोग झुलस गए हैं, जिन्हें आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। पाकिस्तान में बाढ़ सभी के लिए मुसीबत बनी हुई है। सिंध प्रांत का दादू जिला सबसे ज्यादा बाढ़ प्रभावित जिलों में से एक है। अभूतपूर्व बारिश के कारण भीषण बाढ़ में अब तक 1,700 से अधिक लोग मारे गए हैं।

पाकिस्तान का एक तिहाई हिस्सा पानी में डूब जाने से तीन करोड़ से ज्यादा लोग विस्थापित हो गए हैं। अब जैसे-जैसे बाढ़ का पानी कम होता जा रहा है, हजारों विस्थापित अपने घरों की ओर वापस जा रहे हैं। सिंध प्रांत के नूरीबाद पुलिस थाना क्षेत्र में एक बाढ़ राहत शिविर से एक वातानुकूलित बस में सवार होकर 80 लोग खैरपुर नत्थन शाह से कराची जा रहे थे। पुलिस अधिकारी हाशिम ब्रोही ने कहा कि बस के एयर कंडीशनिंग सिस्टम में आग लगने से अचानक बस धू-धू करके जल उठी। बस के वातानुकूलन संयंत्र में आग लगते ही हड़कंप मच गया। कुछ यात्री तो आग से बचने के लिए चलती बस से कूद गए।

ये भी पढ़ें..एप्पल अगले साल टीवी प्लस के लिए एड स्पेस बेचेगा: रिपोर्ट

ब्रोही के मुताबिक बस में सवार आठ बच्चों व नौ महिलाओं सहित 18 लोग जिंदा जल गए। आग लगने के कारणों को विस्तार से समझने के लिए जांच की जा रही है। झुलसे लोगों को जमशोरो और नूरीबाद स्थित स्थानीय अस्पतालों में भर्ती कराया गया है जिनमें कुछ की हालत गंभीर है। इस घटना के बाद सिंध के मुख्यमंत्री मुराद अली शाह ने अधिकारियों से तुरंत घटना की पूरी रिपोर्ट तलब की है। उन्होंने जमशोरो के उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक से बचाव कार्य तेज करने को कहा है।

अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक औरट्विटरपर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें…